
श्रीनगर। वरिष्ठ पत्रकार शुजात बुखारी की हत्या में लिप्त लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी नवीद जट्ट समेत तीन आतंकियों को पुलिस ने चिह्नित कर लिया है, लेकिन इनमें से कोई भी पकड़ा नहीं गया है।
अलबत्ता, हत्या की साजिश के सिलसिले में चार लोगों को पूछताछ के लिए जरूर हिरासत में लिया गया है। इस बीच, आतंकी संगठन लश्कर ने शुजात की हत्या से इन्कार करते हुए किसी निष्पक्ष जांच एजेंसी या फिर चीन और रूस जैसे किसी मुल्क से मामले की जांच कराने की मांग की है।
गौरतलब है कि आतंकियों ने शुजात बुखारी व उनके दो अंगरक्षकों की 14 जून की शाम को उनके कार्यालय के बाहर हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस वारदात की गुत्थी सुलझाने के लिए डीआइजी सेंट्रल कश्मीर रेंज वीके बिरदी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआइटी) का गठन किया है।
मामले की जांच से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों तक पहुंचने के लिए इलेक्ट्रानिक सर्विलांस, ह्यूमन इंटेलीजेंस समेत सभी संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
सभी तथ्यों की छानबीन के बाद हत्या में लश्कर के तीन आतंकियों के शामिल होने का पता चला है। एक नवीद जट्ट उर्फ हंजला है, जो इसी साल फरवरी माह के दौरान एसएमएचएस अस्पताल में दो पुलिसकर्मियों की हत्या कर फरार हुआ था, जबकि दो अन्य स्थानीय हैं और वह दक्षिण कश्मीर के जिला पुलवामा और कुलगाम से संबंधित बताए जाते हैं।
फिलहाल, इन्हें जिदा अथवा मुर्दा पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शुजात की हत्या से जुड़े कुछ अहम सुराग गत दिनों जिला कुलगाम में हुई एक मुठभेड़ के बाद जुटाए गए हैं।
उसके आधार पर ही कहा जा सकता है कि शुजात की हत्या के बाद मोटरसाइकिल पर भागे तीन आतंकी, जो सीसीटीवी फुटेज में नजर आए हैं, उनमें से एक नवीद जट्ट था।
पुलिस ने अभी तक शुजात की हत्या के सिलसिले में किसी की गिरफ्तारी से इन्कार किया है, लेकिन सूत्रों ने दावा किया है कि चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, जो कथित तौर पर इस साजिश में शामिल हैं। इनमें से कुछ ने शुजात की जानकारी दी थी, उसके आधार पर आतंकियों ने उसे मौत के घाट उतार दिया था।
अलबत्ता, जो व्यक्ति शुजात की हत्या के बाद उसके अंगरक्षक का पिस्तौल लेकर गायब हुआ था, वह कथित तौर पर एक नशेड़ी बताया जाता है।
इस बीच, लश्कर के कमांडर महमूद शाह ने एक बयान जारी कर पत्रकार शुजात बुखारी की हत्या से इन्कार किया है। महमूद शाह ने कहा कि यह लश्कर को बदनाम करने की चाल है। इस पूरे मामले की जांच चीन या रूस जैसे किसी मुल्क या किसी अंतरराष्ट्रीय जांच एजेंसी से कराई जानी चाहिए। हम पूरा सहयोग करेंगे।
पाकिस्तान स्थित एक ब्लॉगर की भी तलाश
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुजात बुखारी समेत कुछ अन्य पत्रकारों के खिलाफ इंटरनेट पर दुष्प्रचार कर रहे पाकिस्तान स्थित एक ब्लॉगर को भी चिह्नित किया गया है।
उसके ब्लॉग के बाद ही पत्रकार शुजात की हत्या हुई है। उक्त ब्लॉगर श्रीनगर का ही रहने वाला है और बीते कुछ वर्षों से पाकिस्तान में रह रहा है।
उसने ही दुबई कांफ्रेंस (दोनों देशों के बीच वार्ता) के बाद शुजात व अन्य लोगों के खिलाफ दुष्प्रचार अभियान शुरू किया था। उक्त ब्लॉगर के स्थानीय संपर्क की भी जांच की जा रही है।