
नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की सुरक्षा में तैनात स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप के जवानों ने इंडिगो के पायलटों से उड़ान के पहले लाइसेंस दिखाने को कहा। दरअसल, राहुल गांधी दिल्ली से वाराणसी जाने के लिए इंडिगो की फ्लाइट में सवार होने जा रहे थे।
इस दौरान एसपीजी के जवानों ने 6E 308 फ्लाइट के पायलटों से उनके लाइसेंस दिखाने को कहा। इसके साथ ही विमान के ईंधन के क्वॉलिटी टेस्ट की भी मांग की गई। इस घटनाक्रम के कारण फ्लाइट के उड़ान भरने में 45 मिनट की देरी हो गई।
बताया जा रहा है कि पायलटों ने एसपीजी जवानों को लाइसेंस दिखाने से मना कर दिया। उन्होंने एसपीजी से कहा कि इसकी जांच एयरलाइंस से करनी चाहिए क्योंकि उन्हें पेपर मांगने का अधिकार नहीं है। डीजीसीए की ओर से विमान की जांच की जा रही थी, इसलिए फ्यूल चेक की मांग पूरी की गई।
बलूचिस्तान ने फिर जताया आभार, हमारी आवाज उठाने के लिए मोदी को धन्यवाद
विमान के ईंधन को सही पाए जाने पर ही फ्लाइट को उड़ान भरने की इजाजत दी गई। इंडिगो ने इस पूरे घटनाक्रम पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा कि हम इस बारे में कोई भी जानकारी नहीं दे सकते हैं।
संभवत: इस तरह की मांग पहले कभी नहीं की गई। स्पेशल वीआईपी फ्लाइट्स को लेकर प्रोटोकॉल होता है और एयर इंडिया या फिर इंडियन एयर फोर्स की ओर से अनुभवी पायलटों को ड्यूटी पर तैनात किया जाता है। इस पूरे घटनाक्रम ने एयरलाइंस और उड्डयन अधिकारियों को चौंका दिया है।