
नई दिल्ली। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुरेंद्र सिंह को अर्धसैनिक बल केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) का प्रमुख नियुक्त किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली मंत्रिमंडल नियुक्ति समिति ने शुक्रवार को इस संबंध में आदेश जारी किया।
पश्चिम बंगाल कैडर के 1980 बैच के पुलिस अधिकारी सिंह वर्तमान में खुफिया ब्यूरो (आईबी) में विशेष निदेशक हैं। बतौर महानिदेशक उनका कार्यकाल अगले वर्ष अगस्त तक रहेगा। सिंह गुरुवार को सेवानिवृत्त हुए अरविंद रंजन का स्थान लेंगे।
एयरपोर्ट, परमाणु संयंत्र, दिल्ली मेट्रो सहित कई महत्वपूर्ण और रणनीतिक संस्थानों की सुरक्षा 1.41 लाख कर्मियों वाले इस बल के जिम्मे है। इससे पूर्व निवर्तमान सीआईएसएफ महानिदेशक रंजन को बल के वरिष्ठ अधिकारियों ने विदाई दी।