
डिजिटल डेस्क, नईदिल्ली। अभी दीवाली और छठ जैसे त्योहारों का समय चल रहा है। इस दौरान कई लोग अपने घर जाते हैं। ट्रेन टिकट न मिलने की वजह से कई लोग परेशान भी हैं। ऐसे में वे घर जाने के लिए तत्काल टिकट बुक (Indian Railways News) कर सकते हैं। इसको बुक करना किसी जंग जीतने से कम नहीं है। इस वजह से कई लोग एजेंट के पास जाते हैं।
अगर आप बेहद कम सीटों के साथ खुलने वाले तत्काल कोटा के लिए सही तैयारी करें तो आप इसको आसानी से बुक कर सकते हैं। इसके लिए आपको स्पीड के साथ कुछ ट्रिक्स भी IRCTC पर अपनानी होंगी।
अगर आप IRCTC से कन्फर्म तत्काल टिकट बुक करना चाहते हैं तो सबसे काम की ट्रिक है मास्टर लिस्ट फीचर का इस्तेमाल करना। तत्काल टिकट बुक करते समय सबसे ज्यादा समय पैसेंजर्स की डिटेल्स भरने में बर्बाद होता है।
इससे बचने के लिए आप IRCTC अकाउंट या RailOne ऐप पर पहले से ही यात्रियों की सभी जानकारियां जैसे नाम, उम्र जैसी डिटेल्स भरकर मास्टर लिस्ट में सेव करके रख सकते हैं। ऐसा करने से बुकिंग के समय आपको मैन्युअली डिटेल्स नहीं भरनी पड़तीं, जिससे आपके कीमती सेकंड बच जाते हैं। बुकिंग के दौरान आपको केवल पैसेंजर्स को सिलेक्ट करना होता है और आप सीधे पेमेंट पेज पर पहुंच जाते हैं।
तत्काल बुकिंग को फास्ट करने के लिए बुकिंग शुरू होने से 1 या 2 मिनट पहले आपको IRCTC की साइट या ऐप ओपन करना होगा। साथ में ये भी चेक कर लें कि आपके पास सुपरफास्ट इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध हो। पहले से लॉग-इन रहने पर आप बुकिंग शुरू होते ही तुरंत एक्शन लेने के लिए तैयार रहते हैं, जो आपको दूसरों के मुकाबले बढ़त दिलाता है।
तत्काल बुकिंग AC क्लास जैसे फर्स्ट एसी, सेकंड एसी या थर्ड एसी के लिए सुबह 10:00 बजे से शुरू होती है। जबकि नॉन-एसी या स्लीपर क्लास के लिए सुबह 11:00 बजे बुकिंग शुरू होती है। तत्काल में कुछ सेकंड्स की देरी भी आपको कंफर्म टिकट से दूर कर सकती है।
टाइम शुरू होने से एक-दो मिनट पहले ही प्लेटफॉर्म को ओपन कर लें और लॉगिन कर लें। फिर जहां से जहां आपको जाना है उस जगह को डालें। जिस ट्रेन में आपको टिकट बुक करना है उसको सेलेक्ट कर लें। अब जैसे ही टाइम शुरू हो आप पेज रिफ्रेश करके आगे बढ़ें और मास्टर लिस्ट ऑप्शन से पैसेंजर्स की लिस्ट डाल दें।
इस दौरान काफी अटेंटिव रहना होगा। पेमेंट के स्टेप पर IRCTC या RailOne ऐप आपके लिए काफी काम आ सकता है। इन प्लेटफॉर्म पर IRCTC E-Wallet या R-Wallet की सुविधा मिलती है। जिसमें आप पहले से पैसे ऐड करके रख सकते हैं। इससे पेमेंट आसानी से और जल्दी हो जाता है। अगर आप चाहे तो UPI पेमेंट के साथ भी जा सकते हैं।
इसमें थर्ड पार्टी ऐप ओपन होता है, जिससे पेमेंट में समय लग सकता है और कन्फर्म तत्काल टिकट बुक होने का चांस कम हो सकता है। ऐसे में रेलवे वॉलेट से ही पेमेंट करना ज्यादा फायदेमंद है। इन सभी छोटी-छोटी ट्रिक्स को अपनाकर आप कन्फर्म तत्काल टिकट लेने के चांस को कई गुना बढ़ा सकते हैं।