
हैदराबाद। सितंबर महीने में अब तक तेलंगाना राज्य में शराब की बिक्री में 54.9 प्रतिशत की गिरावट राज्य में दर्ज की गई है। मगर, ऐसा शराब पर प्रतिबंध या लोगों के नशे में दूर रहने की प्रतिबद्धता के कारण नहीं हो रहा है।
दरअसल, इसका कारण तेलंगाना में बीते दिनों से हो रही लगातार बारिश है, जिसका असर शराब की बिक्री पर भी पड़ा है। शराब के व्यापारियों और आबकारी अधिकारियों ने बताया कि इसका कारण सड़कों में अधिक जलभराव होना और उनका बुरी तरह से क्षतिग्रस्त होना है।
तेलंगाना शराब डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डी वेंकटेश्वर राव ने कहा, अधिकांश क्षेत्रों में सड़कें जलमग्न हैं और वाहनों की आवाजाही बुरी तरह से प्रभावित हो गई है। विशेष रूप से हैदराबाद का हाल और भी बुरा है। इसके चलते लोगों को दुकानों तक पहुंचने में मुश्किल हो रही है, जिसका असर बिक्री पर पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें - रुपए के लिए दोस्त की हत्या कर फरार हुआ आरोपी
आबकारी विभाग ने इस महीने 22 सितंबर तक शराब की बिक्री के जरिये 287.7 करोड़ रुपए राजस्व जमा किया है। जबकि पिछले साल सितंबर में एकत्र राजस्व 418 करोड़ रुपए रहा था। ऐसे में कयास लगाए जा रहे थे कि इस साल सितंबर में 637.96 करोड़ रुपए शराब के जरिये राजस्व जमा होगा।
राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव (आबकारी) अजय मिश्रा ने कहा कि शराब की बिक्री में गिरावट के कई कारण हैं। मगर, इनमें से एक निश्चित रूप से जबरदस्त बारिश का होना है। शराब की बिक्री के जरिये अगस्त के अंत तक राजस्व संग्रह प्रति माह औसतन 20 फीसद की वद्धि दर से बढ़ रहा था।