
लखीमपुर। पाकिस्तान में आतंकी सरगना हाफिज सईद की रिहाई के बाद लखीमपुर के मुहल्ला बेगमबाग व लक्ष्मीनगर में कुछ लोगों के जश्न मनाने व अपने घरों के बाहर हरा झंडा लगाने की खबर सुनकर प्रशासन में खलबली मच गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर झंडे उतरवाए। डीएम आकाशदीप ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को यह विवाद दोपहर बाद उस समय बढ़ा जब बेगमबाग और लक्ष्मीनगर मुहल्ले के कुछ हिस्सों में हरे झंडे लगाए जाने लगे। शाम के समय आरएसएस कार्यकर्ता के घर के सामने लगे झंडों को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
आरएसएस कार्यकर्ता ने मुहल्ले के लोगों के साथ मिलकर इस पर एतराज जताया और झंडा लगने के कारणों के बारे में पूछताछ की। पता चला कि हरे झंडे पाकिस्तानी आतंकी हाफिज सईद की वहां के सुप्रीम कोर्ट से रिहाई के बाद खुशी में लगाए गए हैं। इस पर हंगामा शुरू हो गया।
आरएसएस कार्यकर्ता ने पूरे मामले की सूचना भाजपा के कुछ नेताओं को दी। इसके बाद सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लगाए गए झंडों को उतरवा दिया।
'सूचना मिली थी कि शहर के एक इलाके में कुछ लोगों ने हाफिज सईद की रिहाई पर हरे झंडे लगाए हैं। रिपोर्ट आते ही जो भी दोषी होगा, उस पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।' - आकाशदीप, डीएम, लखीमपुर-खीरी