
नई दिल्ली। गुजरात में 2008 में हुए सीरियल धमाकों के मुख्य साजिशकर्ता अब्दुल सुभान कुरैशी को गणतंत्र दिवस से महज छह दिन पहले एक मुठभेड़ के बाद यहां गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तारी पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर से शनिवार शाम को हुई।
उसे 14 दिन के लिए पुलिस हिरासत में लिया गया है। मालूम हो कि अहमदाबाद में 26 जुलाई, 2008 को हुए करीब 20 विस्फोटों में 56 लोग मारे गए थे और 200 लोग घायल हुए थे।
विस्फोटों की जिम्मेदारी इंडियन मुजाहिदीन ने ली थी। कुरैशी इंडियन मुजाहिदीन (आइएम) का सह-संस्थापक तथा स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) से जुड़ा रहा है।
एनआइए ने उस पर चार लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। गुजरात सहित पांच अन्य राज्यों में हुए बम धमाकों का मास्टरमाइंड कुरैशी, पुलिस से बचने के लिए लंबे समय से विदेश में रह रहा था।
वह भारत में फिर से इंडियन मुजाहिदीन और सिमी को सक्रिय करने के मकसद से आया था। शनिवार को वह गाजीपुर में अपने एक पुराने सहयोगी से मिलने पहुंचा था।
इसकी भनक मिलते ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक पिस्टल और पांच कारतूस बरामद हुए हैं। इस्लाम व जिहाद के नाम पर बेरोजगार युवकों को भड़काकर उन्हें आतंकी बनाने में इसे महारत हासिल है।
अपने भाषण से वह समुदाय विशेष के युवकों को जल्द आकर्षित कर लेता था। इसी कारण से वह भारत का ओसामा बिन लादेन के नाम से कुख्यात है।
इंडियन मुजाहिदीन से जुड़ने से पहले वह एक आइटी फर्म में आइटी इंजीनियर के पद पर कार्य करता था। स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त पीएस कुशवाहा ने बताया कि पुलिस इंडियन मुजाहिदीन और सिमी के आतंकियों पर लगातार नजर रख रही थी।
इसी बीच सूचना मिली कि सिमी को फिर से खड़ा करने के इरादे से फरार कुख्यात आतंकी अब्दुल सुभान कुरैशी वापस भारत आया है। वह 20 जनवरी को अपने एक पुराने सहयोगी से मिलने गाजीपुर इलाके में आने वाला है।
इस जानकारी के बाद एसीपी गोविंद शर्मा की टीम ने गाजीपुर स्थित पेपर मार्केट के समीप सेंट्रो कार से जा रहे कुरैशी को घेर लिया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसे धर दबोचा।
आपराधिक रिकॉर्ड
दिल्ली पुलिस के मुताबिक अंग्रेजी माध्यम के अच्छे स्कूल से पढ़े कुरैशी ने कई कंपनियों में बतौर इंजीनियर काम भी किया। उसका आपराधिक रिकॉर्ड कुछ इस प्रकार का रहा है-
- 2007-08 में सिमी के चार ट्रेनिंग कैंप बनाए थे। ये कैंप मप्र में बनाए गए थे।
-फर्जी दस्तावेजों के सहारे नेपाल में छिपा हुआ था।
-इंडियन मुजाहिदीन और सिमी के लिए "आतंकी फंडिंग" के लिए दो साल सऊदी अरब में बिताए।
-भारत में बड़ा नेटवर्क खड़ा करने के लिए वह लौटकर आया।
-21 अगस्त, 2001 को सिमी के संस्थापकों में से एक सफदर नागौरी के साथ एक कांफ्रेंस में भी शामिल हुआ।
-इसके पहले कर्नाटक और केरल में सिमी के कई कार्यक्रमों में शिरकत कर चुका था।
-2005 के बाद से अंडरग्राउंड हो गया था। उसकी मां ने प्रेस कांफ्रेंस कर सामने आने की गुहार लगाई थी।