
सतना। सन् 1857 में आजादी की पहली लड़ाई में सतना जिले के मनकहरी ग्राम निवासी ठाकुर रणमतसिंह ने भी अंग्रेजों के छक्के छुड़ा दिए थे। वे महाराजा रघुराजसिंह के समकालीन थे। महाराजा इन्हें काकू कहा करते थे। उन्हें रीवा की सेना में सरदार का स्थान मिला था।
1857 में बिहार के बाबू कुंवरसिंह और झांसी की रानी लक्ष्मीबाई ने अंग्रेजों के विरुद्ध भारी मारकाट मचाई। लेकिन दोनों शक्तियां मिल नहीं पाईं क्योंकि बघेलखण्ड में अंग्रेज दोनों शक्तियों को मिलने नहीं देने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे थे। महाराजा रघुराजसिंह पर भी अंग्रेजों की कड़ी नजर थी।
ठाकुर रणमतसिंह रीवा और पन्ना के बीच का क्षेत्र बुंदेलों से मुक्त कराने में उभरकर सामने आए। जब 1857 की क्रांति समाप्त हो चुकी थी। महारानी लक्ष्मीबाई शहीद हो चुकी थी। सेना का रुख पूरब की तरफ कर दिया गया। 1858 में बांदा में एक सैन्य दल ठाकुर रणमत सिंह का पीछा करने लगा।
2000 रुपए का इनाम रखा गया
ठाकुर साहब पर 2000 रु. का इनाम घोषित किया गया। उन्होंने डभौरा के जमींदार रणजीत राय दीक्षित के गढ़ में शरण ली। वहां भी अंग्रेजी सेना ने हमला बोल दिया। वे विवश होकर सोहागपुर गए। वहां भी अंग्रेजों ने पीछा किया जब ठाकुर रणमतसिंह क्योटी की गढ़ी में छिपे हुए थे अंग्रेज सेना की एक टुकड़ी ने रीवा की सेना की सहायता से उन्हें घेर लिया। वे वहां से भाग निकलने में सफल हो गए।
रीवा के महाराज पर डाला गया दबाव
अंग्रेजों ने उनको पकड़ने के लिए अंतिम चाल चली। रीवा के महाराजा पर दबाव डाला गया। उन्होंने पत्र लिखकर ठाकुर रणमतसिंह को बुलवाया। महाराजा के बुलाने पर वे गुप्त मार्ग से राजमहल में प्रविष्ट हुए और महाराजा से भेंट की। महाराजा से भेंट होने पर उन्होंने आत्मसमर्पण का विकल्प रखा।
इसके बाद जब रणमतसिंह अपने मित्र विजय शंकर नाग के घर जलवा देवी मंदिर के तहखाने में विश्राम कर रहे थे, महाराजा के संकेत पर पोलिटिकल एजेंट को यह सूचना दी गई। रणमतसिंह गिरफ्तार कर लिए गए तथा आगरा जेल में 1859 में उन्हें फांसी चढ़ा दिया गया। ठाकुर रणमतसिंह के बलिदान की गाथा लोकगीतों में गाई जाती है।