नई दिल्ली। एक ओर कला और संस्कृति की भव्यता तो दूसरी ओर युवा जोश और आस्था...। इन सब ने यमुना तट पर सात हजार एकड़ में बनाए गए दुनिया के संभवतः सबसे बड़े मंच पर वसुधैव कुटुंबकम का भाव साकार कर दिया।
राजस्थान की पारंपरिक घाघरा-चोली में सजी महिलाएं ब्राजील के सांबा पर ठुमक रही थीं, तो पश्चिमी पहनावे में पहुंचे यूरोपीय युवक-युवती हिमाचल के नटी लोकनृत्य पर झूम रहे थे। इस आयोजन में वैदिक मंत्र से लेकर बॉलीवुड की पेशकश और गाइडेड मेडिटेशन तक सब एक साथ था।
आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर के "आर्ट ऑफ लिविंग" की ओर से आयोजित "विश्व सांस्कृतिक महोत्सव" के तहत यमुना तट पर हजार एकड़ में 155 देशों से जुटे लोगों ने भाषा, धर्म, नस्ल, राष्ट्रीयता जैसी सारी दीवारें तोड़ दीं। अजेर्टीना की विश्व प्रसिद्ध भर में मशहूर गायिका पैट्रीशिया सोशा ने अपने दल के साथ मिलकर जब श्री राम जय राम जय जय राम.. की धुन बिखेरी तो लोगों का उल्लास देखने लायक था।
इसी तरह आर्ट ऑफ लिविंग की ग्रांड सिंफनी के तहत जब साढ़े आठ हजार कलाकारों ने 50 तरह के वाद्य यंत्रों पर नौ संगीत रचनाओं को पेश किया तो लोग मंत्रमुग्ध रह गए। संस्कृत के एक हजार से ज्यादा पंडितों ने एक स्वर में वैदिक मंत्रों का जाप कर माहौल को भक्ति रस से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम शुरू होने से पहले आई तेज बारिश और ओलावृष्टि भी लोगों का जज्बा कम नहीं कर पाई। महाराष्ट्र से पहुंची युवा बैंक कर्मी आरती ने कहा कि यह तो हमारे लिए ईश्वर के आशीर्वाद की तरह है। बारिश में तर-ब-तर हो कर भी झूम रहे कर्नाटक के रवि ने कहा, "इसी बहाने हमें रेन डांस का भी आनंद मिल गया।" दर्शकों में यूरोप और अमेरिका से लेकर पाकिस्तान और नेपाल तक के लोग बड़ी संख्या में मौजूद थे।
यही विविधता, भव्यता और विस्तार शास्त्रीय नृत्य-संगीत के मामले में भी दिखी। 1700 कलाकारों ने एक साथ कत्थक नृत्य किया, तो इतने ही कलाकारों ने भरतनाट्यम भी पेश किया। 1500 कलाकारों के दल ने मोहिनीअट्टम और कथकली नृत्य कर लोगों को हैरान कर दिया।
बुल्गारिया के 500 कलाकारों ने होरो नृत्य के जरिए, 650 अफ्रीकी ढोलवादकों ने अफ्रीकी धुन के जरिये और 300 थाई नर्तकों ने अपने स्थानीय पारंपरिक नृत्य के जरिए इसमें अंतरराष्ट्रीय रंग तो डाले ही। लिथुआनिया, रूस और जापान के कलाकारों ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियां दीं।
इसी तरह हिमाचल का नटी, गुजरात का गरबा नृत्य स्थानीयता और लोककला का रंग भर रहा था। इस आयोजन में बॉलीवुड कलाकारों की भी प्रस्तुति लोगों को काफी पसंद आई।