
श्रीनगर। पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कांफ्रेंस के कार्यवाहक प्रमुख उमर अब्दुल्ला ने म्यांमार की सीमा में घुसकर आतंकियों को मार गिराने के सैन्य अभियान पर केंद्र सरकार की बयानबाजी को शानदार "सेल्फ गोल" करार देते हुए कहा कि सीना ठोंकने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि म्यांमार की सरकार ने अपनी सरजमीं पर ऐसे किसी अभियान को नकार दिया है।
ट्विटर पर खासे सक्रिय रहने वाले उमर ने गुरुवार को इस पूरे प्रकरण पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "वाह क्या शानदार सेल्फ गोल था। अगली बार आप अच्छा गुप्त अभियान चलाएं और उसका बखान करने या सीना ठोंकने के बजाय शांत रहें। अभियान को खुद अपनी कहानी बयां करने दें।"
म्यांमार द्वारा इस अभियान को नकारे जाने पर उमर ने एक अन्य ट्वीट में लिखा, "सीना ठोंकने का असर यह हुआ है कि म्यांमार इस अभियान को ही खारिज कर रहा है। उसने अपनी जमीं पर ऐसे किसी अभियान से इन्कार किया है और इसका उल्टा असर पड़ा है।"