Vande Bharat Express: गुजरात में मवेशी से टकराई वंदे भारत एक्सप्रेस, 1 महीने में तीसरा एक्सीडेंट
Top News LIVE: इससे पहले 6 अक्टूबर को गुजरात के वटवा और मणिनगर रेलवे स्टेशनों के बीच मुंबई से गांधीनगर जाते समय ट्रेन की चपेट में आने से चार भैंसों की मौत हो गई थी। ट्रेन का नोज पैनल खराब हो गया था और इसे रातों-रात बदलना पड़ा था।
By Arvind Dubey
Edited By: Arvind Dubey
Publish Date: Sat, 29 Oct 2022 11:04:19 AM (IST)
Updated Date: Sat, 29 Oct 2022 02:30:55 PM (IST)

Vande Bharat Express: वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के साथ एक बार फिर हादसा हो गया। शनिवार को गुजरात में अतुल रेलवे स्टेशन के बाद एक मवेशी ट्रेन से टकरा गया। इससे ट्रेन के आगे के हिस्से को क्षति पहुंची। मुंबई से गांधीनगर जा रही ट्रेन 15 मिनट विलंब हुई। अधिकारियों के मुताबिक, यह तीसरी बार है जब वंदे भारत एक्सप्रेस गाय से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इससे पहले 6 अक्टूबर को गुजरात के वटवा और मणिनगर रेलवे स्टेशनों के बीच मुंबई से गांधीनगर जाते समय ट्रेन की चपेट में आने से चार भैंसों की मौत हो गई थी। ट्रेन का नोज पैनल खराब हो गया था और इसे रातों-रात बदलना पड़ा था। अगले दिन (7 अक्टूबर) को हुई इस तरह की दूसरी घटना में ट्रेन ने गुजरात के आणंद के पास मुंबई जाते समय एक गाय को टक्कर मार दी थी।
![naidunia_image]()
![naidunia_image]()
![naidunia_image]()
पढ़िए देश-दुनिया की अन्य बड़ी खबरें
छठ पूजा का प्रसाद बनाते समय बिहार के औरंगाबाद में सिलेंडर ब्लास्ट, 50 घायल, कई गंभीर
बिहार में छठ पर्व की धूम है। इस बीच औरंगाबाद में बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक, यहां छठ का प्रसाद बनाते समय रसोई गैस सिलेंडर में आग लग गई। पुलिसकर्मियों समेत वहां मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। हादसे में 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई गई है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। घटनाक्रम औरंगाबाद के शाहगंज तेली इलाके में शनिवार को जनरल स्टोर में गैस सिलेंडर और फ्रिज में विस्फोट हो गया। घटना के कारण एक दुकान में आग लग गई और 50 से अधिक लोग घायल हो गए। दुकानदार अनिल ने बताया कि हम छठ पूजा की तैयारी कर रहे थे। मेरी पत्नी खाना बना रही थी। अचानक मेरी दुकान में एक सिलेंडर फटने से आग लग गई। मेरे परिवार के सदस्य घायल हो गए।
UN meet: भारत ने आतंकवाद के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर जताई चिंता
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आतंकवाद निरोधी समिति की विशेष बैठक दिल्ली में चल रही है, जिसका शनिवार को दूसरा दिन है। शनिवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने इस बैठक को संबोधित किया। उन्होंने आतंकवाद फैलाने के लिए तकनीक और इंटरनेट के इस्तेमाल पर चिंता जताई। जयशंकर ने कहा, सोशल मीडिया और इंटरनेट समाज को अस्थिर करने के उद्देश्य से दुष्प्रचार, कट्टरपंथी विचारधारा और षड्यंत्र के सिद्धांतों को फैलाने के शक्तिशाली टूलकिट बन गए हैं। इसके खिलाफ सभी देशों को मिलकर काम करना होगा।