
जम्मू। ऊधमपुर के नरसू इलाके में सीमा सुरक्षा बल की बस पर हमले के बाद जिंदा पकड़े गए पाकिस्तानी आतंकी नावेद को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) आगे की पूछताछ के लिए गुरुवार को अपने साथ दिल्ली ले गई। इससे पूर्व एनआईए प्रमुख जनरल शरद कुमार ने नरसू में जाकर घटनास्थल का जायजा भी लिया। एनआईए के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अतुल गोयल की देखरेख में नावेद को सीमा सुरक्षा बल के हेलीकॉप्टर से एनआइए के दिल्ली मुख्यालय में ले जाया गया है।
वहीं, एनआईए प्रमुख अलग फ्लाइट से नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। नावेद को एनआइए ने 14 दिन की रिमांड पर लिया हुआ है। जनरल शरद कुमार ने बुधवार को नावेद से दो घंटे पूछताछ की थी। पिछले सप्ताह नावेद को श्रीनगर भी ले जाया गया था, जहां उसके आतंकी संगठनों से संपर्क के बारे में भी पूछताछ की गई थी। गुलाम कश्मीर से घुसपैठ के बाद उसके कश्मीर में शरणदाताओं की पहचान भी करवाई गई थी। तत्पश्चात एनआईए की टीम ने करीब 20 संदिग्धों को पकड़ा था, जिन्होंने नावेद को पांच अगस्त को नरसू इलाके में हमले में सहायता की।