
देहरादून। उत्तराखंड विद्यालय शिक्षा परिषद (UBSE) रामनगर का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है। इसके साथ ही लाखों विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई है। परीक्षार्थी अपना रिजल्ट ubse.uk.gov.in, uaresults.nic.in और jagranjosh.com पर देख सकते हैं।
बीते साल की तरह इस बार भी बोर्ड परीक्षाओं में लड़कियों ने ही बाजी मारी है। 10वीं में रामनगर के एमपी हिंदू इंटर कालेज की प्रशंसा पोखरियाल 97 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप रही। इंटरमीडिएट में हरगोविंद सुयाल सरस्वती विद्या मंदिर हल्द्वानी की प्रियंका भट्ट ने 95 प्रतिशत अंक हासिल कर पहला स्थान हासिल किया है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक आरके कुंवर व बोर्ड सचिव आरडी शर्मा ने बुधवार को रामनगर बोर्ड कार्यालय में परिणाम जारी करते हुए बताया कि इस बार इंटर की परीक्षा का परिणाम 78.41 प्रतिशत रहा। इसमें 73.55 प्रतिशत छात्र और 83.14 प्रतिशत छात्राएं सफल रहे। इसके अलावा हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम 73.47 प्रतिशत रहा। इसमें 76.54 प्रतिशत छात्राएं सफल रही और 70.48 प्रतिशत रहा।
प्रदेश मे 12वीं में दूसरा स्थान नानकमत्ता ऊधमसिंह नगर की पीपीएस विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की विजयलक्ष्मी गोस्वामी ने 94.20 और तीसरा स्थान चमोली की एवीएमआईसी गोपेश्पर की कुमारी रीना 93.60 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही।
प्रदेश में 10वीं में दूसरा स्थान वीएमएचएस रानीखेत अल्मोड़ा के प्रभाकर सिंह परमार रहे, जिसने 96.80 प्रतिशत अंक हासिल किए। तीसरे स्थान पर कोटद्वार के विपुल वर्मा ने 96.60 प्रतिशत अंक हासिल करने में सफल रहे।
वहीं जनपदों की बात करें तो इंटर में बागेश्वर तो हाईस्कूल में रुद्रप्रयाग अव्वल रहा। कुल परिणाम 78 प्रतिशत के करीब रहा। उत्तराखंड बोर्ड सभापति आरके कुंवर व सचिव आरडी शर्मा ने रिजल्ट घोषित करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को बधाई दी।
इस बार इंटर में 1,35,648 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए थे। इनमें से 1,33,064 ने परीक्षा दी। इसी तरह हाई स्कूल में 1,67,022 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 1,62,000 ने परीक्षा दी। राज्य में कुल 1317 परीक्षा केंद्र और 30 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए थे।