
Unnao Case Full Story: हैदराबाद (Hyderabad) की महिला डॉक्टर के बाद अब उन्नाव (Unnao) की दुष्कर्म पीड़िता की चर्चा हर जुबां पर है। आरोपी ने जमानत पर रिहा होने के बाद पीड़िता को जिंदा जलाने की कोशिश की। 95 फीसदी जली हालत में पीड़िता को पहले उन्नाव के अस्पताल, फिर लखनऊ और फिर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल (Safdarjung Hospital) लाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। भारी गहमागहमी के बीच उसका अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस बीच, युवती द्वारा पुलिस में दायर एफआईआर (FIR) से पता चलता है कि आरोपी ने किस तरह प्यार के नाम पर उसके साथ पग-पग पर धोखा किया। पीड़िता उस पर भरोसा करती रही, वो झांसा देता रहा और आखिरकार उसे अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। पढ़िए उन्नाव की पीड़िता की कहानी -
पीड़िता उन्नाव जिले के एक सामान्य किसान परिवार की बेटी थी। आरोपी ऊंची जाति और प्रतिष्ठित परिवार से है। आरोपी ने प्रेम का जाल फेंका, जिसमें युवती फंस गई। वो आरोपी से सच्चा प्यार करने लगी। आरोपी ने शादी का प्रस्ताव रखा, जिसे उसने स्वीकार कर लिया। यह जनवरी 2018 की बात है। तय हुआ कि लालगंज जाकर शादी रचाएंगे, लेकिन जैसी ही युवती ने अपने गांव से बाहर पैर रखा, उसकी जिंदगी बर्बाद होती चली गई।
युवक ने शादी के बहाने उसे किराए के मकान में रखा और दुष्कर्म किया। न केवल दुष्कर्म किया, बल्कि युवती के अश्लील वीडियो भी बनाए और धमकी दी कि यदि किसी से शिकायत की, पुलिस तक बात पहुंचाई तो वीडियो जारी कर देगा। इसके बाद आरोपी ने लड़की को किराए का मकान बदल-बदल कर अलग-अलग स्थान पर रखा और दरिंदगी करता रहा। युवती के साथ कई बार मारपीट भी की गई।
19 जनवरी 2018 को युवती हिम्मत करके आरोपी का सामना किया और उससे पूछा कि वह उससे कब शादी करेगा। इस पर युवक ने भरोसा दिया और उसे रायबरेली ले गया। यहां उसने कोर्ट में एक मैरिज प्रोपोजल बनवाया, लेकिन शादी नहीं की। युवती ने फिर भी उस पर भरोसा किया और रायबरेली में ही एक महीने तक उसके साथ रही। इसके बाद युवक ने उसे फिर गांव में छोड़ दिया। इस बीच, जब भी दोनों की मुलाकात होती, युवती शादी का पूछती तो युवक उसके और उसके परिवार के लोगों को मारने की धमकी देता।
युवकी की धमकियों से वह डर गई और बचने के लिए 12 दिसंबर 2018 को अपने एक रिश्तेदार के यहां रायबरेली में रहने चली गई, लेकिन युवक ने किसी तरह से उसका पता निकलवा लिया और फिर शादी का वादा करके उसे वहां से ले गया। वह देवी के मंदिर में ले गया और सौगंध खाई कि दोनों शादी करेंगे। इतना होने के बाद जब दोनों लौट रहे थे, तब भी युवक और उसके भाई ने बंदूक की नोंक पर दुष्कर्म किया। इतना सब होने के बाद युवती रायबरेली पुलिस थाने पहुंची, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं हुई। बाद में कोर्ट के निर्देश पर दो एफआईआर दर्ज हुई। पहली 5 मार्च 2019 को बिहार बहटा थाने में और दूसरी 6 मार्च को लालगंज थाने में। केस चला और कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया।
इसके बाद पीड़िता ने नई जिंदगी शुरू करने की कोशिश की। हाल ही में उसकी शादी हुई थी, लेकिन जमानत पर रिहा होने के बाद आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। वह 95 फीसदी जल चुकी थी और उसके बचाने की संभावना बहुत कम थी। आखिरकार शुक्रवार रात उसने अंतिम सांस ली। अब उसकी आखिरी ख्वाहिश पूरी करने की जिम्मेदारी पुलिस और कोर्ट पर है कि आरोपियों को सख्त से सख्स सजा मिले।