
UP MLC Election Result:उप्र विधान परिषद में शिक्षक व स्नातक कोटे की पांच सीटों के चुनाव में चार सीटें भाजपा ने जीत ली हैं। सपा को इस चुनाव में एक भी सीट पर सफलता नहीं मिली है। हालांकि उसके पास इन पांच में से एक भी सीट नहीं थी। इसके साथ ही सपा की विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष पद मिलने की हसरत भी टूट गई है। उसकी परिषद में नौ सीटें हैं। इन सीटों के लिए 30 जनवरी को कुल 39 जिलों में मतदान हुआ था। कुल 63 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। गुरुवार को इन पांचों सीटों के लिए मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू हुई। शुक्रवार तड़के इनके परिणाम आ गए। भाजपा को एक सीट की बढ़त हासिल हुई है, पिछली बार उसके पास इन पांच में से तीन सीटें थीं। 100 सीटों वाली विधान परिषद में अब भाजपा की कुल 76 सीटें हो जाएंगी।
कौन कहां से जीता
निर्दल समूह के राज बहादुर सिह चंदेल अपनी कानपुर खंड शिक्षक सीट बचाने में कामयाब हो गए हैं। शिक्षक दल को बड़ा झटका लगा है। इलाहाबाद-झांसी खंड शिक्षक सीट से तीन बार के एमएलसी सुरेश कुमार त्रिपाठी इस बार भाजपा के डा. बाबूलाल तिवारी से हार गए हैं। अब शिक्षक दल की विधान परिषद में केवल एक सीट रह गई है। इस चुनाव में सपा खाली हाथ रही है। बसपा व कांग्रेस ने इन सीटों पर चुनाव नहीं लड़ा था। गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक, कानपुर खंड स्नातक, बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक, इलाहाबाद-झांसी खंड शिक्षक व कानपुर खंड शिक्षक सीट 12 फरवरी को रिक्त हो रही है।
अब यह है विधान परिषद में स्थिति
शिक्षक व स्नातक कोटे की पांच में से चार सीटें जीतने के साथ ही भाजपा ने विधान परिषद में इतिहास रच दिया है। 100 सीटों वाले विधान परिषद में अब उसकी तीन चौथाई से अधिक यानी कुल 76 सीटें हो गईं हैं। एक दल की कभी भी इतनी अधिक सीटें विधान परिषद में नहीं रही हैं। छह नामित सदस्यों के पद रिक्त चल रहे हैं। इनके नामित होने के बाद कुल संख्या 82 हो जाएगी।