
एएनआई, मुरादाबाद। मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) से भाजपा के लोकसभा उम्मीदवार कुंवर सर्वेश कुमार का दिल्ली के एम्स में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। इसकी पुष्टि मुरादाबाद शहर से भाजपा विधायक रितेश गुप्ता ने की है। कल मुरादाबाद में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान हुआ।
Lok Sabha polls 2024 | BJP Lok Sabha candidate from Moradabad (Uttar Pradesh) Kunwar Sarvesh passed away due to heart attack in Delhi's AIIMS, confirms BJP MLA from Moradabad city Ritesh Gupta.
Voting for the Lok Sabha elections took place in Moradabad yesterday.
— ANI (@ANI) April 20, 2024
कुंवर सर्वेश सिंह की उम्र 72 साल थी। मार्च में दांत के ऑपरेशन के बाद से ही वह अस्वस्थ रहने लगे थे। 27 मार्च को उन्होंने अपना नामांकन भरा था। उसके बाद वह चुनाव प्रचार से दूर हो गए थे, क्यों कि स्वास्थ्य ज्यादा ही खराब था। 12 अप्रैल को अमित शाह व 15 अप्रैल को योगी आदित्यनाथ चुनाव प्रचार के लिए मुरादाबाद लोकसभा क्षेत्र बिजनौर के बढ़ापुरा में आए थे। सर्वेश सिंह इन दोनों ही कार्यक्रमों में शामिल हुए थे। स्वास्थ्य ठीक न होने की वजह से उन्होंने मंच से अपनी बात नहीं रखी थी। 19 अप्रैल को वह पैतृक रतूपुरा गांव के बूथ पर गए थे। वहां उन्होंने मतदान किया था। परिवार का कहना है कि उनकी शनिवार सुबह अचानक तबियत खराब हो गई थी। उसके बाद उन्हें तुरंत एम्स में भर्ती कराया गया, जहां हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई।
सर्वेश सिंह ने अपनी चुनावी राजनीति की शुरुआत भाजपा से ही की थी। वह भाजपा की टिकट पर पहली बार 1991 में ठाकुरद्वारा सीट से चुनकर विधानसभा पहुंचे थे। उसके बाद चार बार लगातार जीत दर्ज की। ठाकुरद्वारा सीट पर भाजपा को कोई और लोकप्रिय प्रत्याशी अभी तक नहीं मिला है।