
डिजिटल डेस्क, इंदौर। UP Weather News: उत्तर प्रदेश में 31 जनवरी के बाद मौसम एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। एक फरवरी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश के आसार हैं। अभी कुछ जिलों में कोहरा देखा जा रहा है। 31 जनवरी तक कोहरा रहने की पूरी संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार आज सुबह कोहरा रहेगा। दिन में थोड़ी ठंड कम होगी, क्योंकि तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं। बुधवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस था। वहीं न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। इस दौरान दिन में लोगों को ठंड से थोड़ी परेशानी जरूर हुई, क्योंकि धूप नहीं निकली थी।
मौसम विभाग की मानें तो गुरुवार को सुबह और शाम की लोगों को कोहरे से परेशानी होगी। इस दौरान तापमान एक डिग्री बढ़ सकता है। प्रदेश का तराई क्षेत्र कोहरे की मार से परेशान है।
(1).jpg)
आईएमडी के अनुसार 30 और 31 जनवरी को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा रहेगा। गोरखपुर, कुशीनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, बहराइच, गोंडा व लखीमपुर खीरी सहित कई जिलों में लोग कोहरे से जूझेंगे। एक फरवरी के बाद मौसम साफ होने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में बारिश होने के आसार हैं। सहारनपुर, मेरठ और मुरादाबाद सहित कई जिले एक से चार फरवरी के बीच बारिश से परेशान रहेंगे। मौसम विभाग के अनुसार 4 फरवरी तक हिमालय का पश्चिमी क्षेत्र बारिश से भीगेगा। भारत के उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में 31 जनवरी से 4 फरवरी तक भारी बारिश होगी।