
नई दिल्ली। राज्यसभा में गुरुवार को भी अगस्ता वेस्टलैंड मामले पर जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस ने सुब्रमण्यम स्वामी द्वारा जिन कागजातों का जिक्र सदन में किया गया था उस पर सवाल करते हुए कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने पूछा कि यह कागजात स्वामी के पास कैसे पहुंचे।
शर्मा ने कहा कि बुधवार को सदन में अगस्ता सौदे में कथित घूस और भ्रष्टाचार के आरोपों पर चर्चा के दौरान रक्षा मंत्रालय, सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय के गोपनीय संवेदनशील दस्तावेजों का संदर्भ दिया गया था। सदन को यह बताया जाना चाहिए कि इन दस्तावेजों का हवाला देने वाले स्वामी की उन दस्तावेजों तक उनकी पहुंच कैसे हुई, जिन्हें उन्होंने सत्यापित कराने और सदन के पटल पर रखने से इंकार कर दिया था।
इससे पहले कांग्रेस ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि दुर्भावनावश पार्टी को बदनाम करने की कोशिश जारी है। अगस्ता हेलिकॉप्टर की खरीद में पारदर्शी प्रक्रियाओं को अपनाया गया।
कांग्रेस के आरोपों का जवाब देेते हुए सरकार ने सफाई दी कि न्याय के तराजू पर इस मामले को तौला जा रहा है। जिन लोगों के नाम का जिक्र है उन्हें जांच प्रक्रिया से गुजरना होगा।
गौरतलब है कि अगस्ता मामले में कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बुधवार को राज्यसभा में कांग्रेस और बीजेपी के बीच जमकर तू-तू, मैं-मैं हुई। जबकि सदन में चर्चा के जवाब में रक्षा मंत्री ने साफ तौर पर कहा कि सौदे में भ्रष्टाचार हुआ था।
उन्होंने कहा कि देश जानना चाहता है कि इस भ्रष्टाचार में कौन-कौन शामिल था और सरकार इस बात की जांच करवाएगी कि रिश्वत किसे दी गई। बचाव में उतरी कांग्रेस ने कहा कि जांच तो यूपीए सरकार ने करवाई थी।