UPSC : संघ लोक सेवा आयोग के चेयरमैन बने अरविंद सक्सेना
UPSC : अरविंद सक्सेना को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) का चेयरमैन नियुक्त किया गया है।
By
Edited By:
Publish Date: Wed, 28 Nov 2018 10:36:34 PM (IST)
Updated Date: Wed, 28 Nov 2018 10:39:42 PM (IST)

नई दिल्ली। अरविंद सक्सेना को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। बुधवार को जारी बयान के अनुसार, सक्सेना का कार्यकाल सात अगस्त 2020 तक होगा। वह 20 जून से यूपीएससी के कार्यकारी प्रमुख के रूप में काम कर रहे थे। उन्होंने आठ मई 2015 को बतौर सदस्य यूपीएससी में योगदान किया था।
इससे पहले वह एविएशन रिसर्च सेंटर (एआरसी) के निदेशक थे। कार्मिक मंत्रालय की तरफ से जारी बयान में बताया गया कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सक्सेना की नियुक्ति पर मुहर लगा दी है। सक्सेना 1978 में लोक सेवा के लिए चयनित हुए थे और भारतीय डाक सेवा में योगदान दिया था।
उन्होंने दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिग से सिविल इंजीनियरिग की और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आइआइटी), दिल्ली से सिस्टम मैनेजमेंट में एमटेक की डिग्र्री हासिल की। वर्ष 1988 में सक्सेना ने कैबिनेट सचिवालय में काम शुरू किया, जहां पड़ोसी देशों में रणनीतिक विकास के अध्ययन में विशेषज्ञता हासिल की।
उन्होंने विभिन्ना देशों के साथ जम्मू एवं कश्मीर, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में भी कार्य किया है। मेधावी सेवा (2005) और प्रतिष्ठित सेवा (2012) जैसे सम्मान पा चुके सक्सेना ने भारत में और विदेश की यात्राएं की हैं।
यूपीएससी हर साल भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस), भारतीय विदेश सेवा (आइएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आइपीएस) के अधिकारियों के चयन के लिए तीन चरणों में (प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार) परीक्षाएं आयोजित कराता है।