
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। Hathras Satsang Stampede: उत्तर प्रदेश के हाथरस स्थिति रतिभानपुर में बड़ा हादसा हो गया। यहां सत्संग के दौरान भगदड़ मचने से 100 से ज्यादा लोगों की जान चली गई। मरने वालों में अधिकतर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। हादसे में क्विक रिस्पांस टीम की ड्यूटी में तैनात सिपाही रवि यादव की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।
इंस्पेक्टर जगदीश चंद्र मौर्य ने बताया कि रवि यादव की तैनाती हाथरस हादसे में मृतकों के शवों की व्यवस्था में लगाई गई थी। वहीं, ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि घटना दुखद और हृदय विदारक है। पूरे मामले की जांच के लिए डीजी आगरा की अध्यक्षता में मंडलायुक्त अलीगढ़ को शामिल करते हुए एक टीम बनाकर उन्हें रिपोर्ट उपलब्ध करवाने को कहा गया है।
सीएम ने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख और गंभीर रूप से घायल नागरिकों के लिए पचास-पचास हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।'
हाथरस के जिला प्रशासन ने लोगों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 05722227041, 05722227042 जारी किए हैं।
अलीगढ़ के आईजी शलभ माथुर ने कहा कि आयोजकों के खिलाफ एफआईर दर्ज की जाएगी। जांच में सामने आया है कि जितने लोगों के लिए अनुमति मांगी थी उससे ज्यादा लोग आए थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए बुधवार को हाथरस जाएंगे, जहां पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे। चीफ सेक्रेटरी और डीजीपी आज (मंगलवार) हाथरस में रुकेंगे और सीएम को ऑब्जरवेशन रिपोर्ट देंगे।