
नई दिल्ली। पांच राज्यों में चुनाव तारीख घोषित होने के साथ ही ओपिनियन पोल की रिपोर्ट भी आना शुरू हो गई है। बुधवार को एक न्यूज चैनल द्वारा जारी ओपिनियन पोल रिपोर्ट के मुताबिक उत्तराखंड में कांग्रेस सत्ता से हाथ धो सकती है, वहीं भाजपा को बहुमत मिलते दिख रहा है। वहीं पंजाब में अकाली दल व भाजपा के गठबंधन को बढ़त मिलते दिख रही है, हालांकि पंजाब में कांग्रेस व भाजपा के बीच कांटे की टक्कर की संभावना है।
हालांकि सर्वे रिपोर्ट में मुख्यमंत्री हरीश रावत को सबसे पसंदीदा मुख्यमंत्री में रूप में चुना गया है। मुख्यमंत्री के लिए करीब 19 फीसदी लोगों की पहली पसंद हरीश रावत हैं। वहीं 13 फीसदी लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता बीसी खंडूरी को फिर मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। वहीं पंजाब में कैप्टन अमरिंदर को मुख्यमंत्री के रूप में पहली पसंद के रूप में चुना है।
एबीपी न्यूज, लोकनीति और सीएसडीएस के सर्वे के मुताबिक उत्तराखंड में भाजपा सत्ता में आ सकती है। 70 विधानसभा सीटों वाले उत्तराखंड में भाजपा को 35 से 43 सीटें मिल सकती हैं। वहीं कांग्रेस को 22 से 30 सीटों से संतोष करना पड़ सकता है। चैनल के मुताबिक यह सर्वे 5 से 12 दिसंबर के बीच किया गया है। गौरतलब है कि उत्तराखंड में 15 फरवरी को विधानसभा चुनाव होने हैं, जबकि चुनाव परिणाम 11 मार्च घोषित होंगे।
गौरतलब है कि फिलहाल उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार है। सर्वे के मुताबिक यहां 40 फीसदी मतदाता यहां भाजपा का समर्थन कर सकते हैं, वहीं कांग्रेस के खाते में सिर्फ 33 फीसदी वोटर ही आएंगे।
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव, कुल सीट: 70
भाजपा: 35 से 43 सीट
कांग्रेस : 22 से 30 सीट
पंजाब विधानसभा चुनाव, कुल सीट: 115
भाजपा व अकाली दल: 50 से 58 सीट
कांग्रेस : 41 से 49 सीट
आप: 12 से 18 सीट