Vidhan Sabha Election Result 2024 इलेक्शन डेस्क, इंदौर। लोकसभा चुनाव के परिणाम चार जून को घोषित किए जाएंगे। इससे पूर्व दो राज्यों में हुए चुनाव के नतीजे दो जून को घोषित होंगे। बता दे कि लोकसभा चुनाव के साथ ह चार राज्य अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनाव हुए थे। अब दो जून को अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम तो वहीं चार जून को आंध्र प्रदेश और ओडिशा विधानसभा चुनाव के नतीजे जारी होंगे।
अरुणाचल प्रदेश में 60 विधानसभा सीटें हैं, इनमें से 10 सीटें भाजपा पहले ही निर्विरोध जीत चुकी है। वहीं 19 मई को 50 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हुई थी। भाजपा ने इस बार सभी 60 सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। जबकि कांग्रेस 19 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। भाजपा और कांग्रेस के साथ ही नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) और नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) भी चुनावी मैदान में हैं।
सिक्किम की 32 विधानसभा सीटों पर भी 19 मई को मतदान हुआ था। राज्य में सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (SKM) और सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (SDF) के बीच मुकाबला है। साथ ही कांग्रेस और भाजपा ने भी अपने प्रत्याशी उतारे हैं।
2019 में सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा ने 17 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया था और प्रेम सिंह तमांग मुख्यमंत्री बने थे। जबकि एसडीएफ ने 15 सीटों पर जीत दर्ज की।
आंध्र प्रदेश में 175 विधानसभा सीटों पर 13 मई को मतदान हुआ था। 2019 के चुनाव में वाईएसआर कांग्रेस ने 151 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया था और जगन मोहन रेड्डी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। जबकि तेलुगू देशम पार्टी (TDP) को 23 सीटें ही मिलीं थीं।
इस बार के चुनाव में भी वाईएसआर कांग्रेस सभी सीटों पर चुनाव लड़ रही है। जबकि भाजपा एनडीए में सहयोगी टीडीपी और जन सेना पार्टी के साथ मिलकर चुनावी मैदान में है। वहीं कांग्रेस कम्युनिस्ट पार्टी के साथ ही मिलकर चुनाव लड़ रही है।
ओडिशा में भी आंध्रप्रदेश के साथ ही 13 मई को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हुआ था। राज्य में 147 सीटों पर वोट डाले गए। राज्य में नवीन पटनायक के नेतृत्व में बीजू जनता दल की सरकार है।
आंध्र प्रदेश और ओडिशा में जहां 13 मई को मतदान हुआ था, तो वहीं अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में 19 मई को वोट डाले गए थे। इस चुनाव में बीजेडी ने 112 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा 23 सीटें ही जीत सकी।