
श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में शुक्रवार को पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई हिंसक झड़पों में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। इस दौरान एक छात्र की हृदयाघात से मौत हो गई, लेकिन आधिकारिक तौर पर किसी ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
गुरुवार को काकपोरा-पुलवामा में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर का जिला कमांडर तालिब मारा गया था। उसकी मौत के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया और हिंसक प्रदर्शनों का दौर जारी था।
हालांकि प्रशासन ने सुबह किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए काकपोरा और उससे सटे इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया था, लेकिन आतंकी के जनाजे को देखते हुए कुछ इलाकों में इसे हटाया गया। फिर भी बड़ी संख्या में लोग जनाजे में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान आजादी समर्थक और राष्ट्रविरोधी नारे भी लगे। आतंकी की मौत से भड़के युवकों ने सुरक्षाबलों को देखते ही पथराव शुरू कर दिया।
पुलिस ने स्थिति पर काबू पाने के लिए लाठियां, आंसूगैस और पैलेट गन का इस्तेमाल किया। इसके बाद काकपोरा, पुलवामा और उससे सटे इलाकों में हिसक झड़पों का दौर शुरू हो गया। इसी दौरान एक छात्र की हृदयाघात से मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने इस बारे में कोई जानकारी से इन्कार किया है।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जारी हिसंक झड़पों में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। इनमें से छह को पुलवामा अस्पताल लाया गया। पुलवामा की ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. बिलकीस ने बताया कि दो घायलों को बेहतर उपचार के लिए श्रीनगर भेजा गया है। उनमें से एक का नाम लतीफ है। इस बीच, मुठभेड़ के दौरान तबाह हुए तीनों मकानों का मलबा हटाने का काम जारी है, लेकिन दोपहर बाद तक वहां से कोई शव नहीं मिला था।