
नई दिल्ली। बॉलीवुड के वरिष्ठ अभिनेता ओम पुरी ने पीएम नरेंद्र मोदी को लेकर एक ऐसा बयान दिया है जिस पर विवाद हो सकता है। ओम पुरी ने कहा है कि फिलहाल मोदी जी की गोदी में बैठने के अलावा कोई चारा नहीं है।
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, 'सिवाय मोदी जी की गोदी में बैठने के किसी की गोदी नजर नहीं आ रही है। अब देखिए, हमारे पास तो कोई चॉएस है नहीं, सिवाए मोदी जी की गोदी में बैठने के। बाकी गोदियां हमने देख ली हैं।'
बता दें कि ओम पुरी आजकल अपनी आने वाली फिल्म प्रोजेक्ट मराठवाड़ा का प्रमोशन कर रहे हैं। उन्होंने मोदी से अपील की कि वे किसानों की हालत से जुड़ी उनकी फिल्म जरूर देखें। फिल्म में गरीबी और सूखे की मार झेलते किसानों की असल स्थिति दिखाने की कोश्शि की गई है। फिल्म के फर्स्ट लुक में दिखाया गया है कि ओम पुरी का बेटा सुसाइड कर लेता है।
ओम पुरी ने इसमें बुजुर्ग किसान तुकाराम का किरदार निभाया है। फिल्म में दिलीप ताहिल, कुनाल सेठ, सीमा बिस्वास, राहुल पटेल, फराह कादर ने काम किया है।
डीएनए में छपी रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, 'सोनिया गांधी अपने बेटे को प्रधानमंत्री बनाने के बारे में सोच रही हैं। उनकी उम्र देखिए। उनका एक्सपीरियंस देखिए। वे क्या बोलते हैं। हम मूर्ख हैं क्या? प्रणब मुखर्जी इतने अनुभवी और बड़े नेता हैं। वे इतने वक्त तक कांग्रेस में रहे हैं। आपका बेटा प्रधानमंत्री बन सके, इसलिए आपने उन्हें प्रेसिडेंट बनवा दिया।'
ओम पुरी ने कहा, 'सोनिया ने मनमोहन सिंह को 15 साल तक कठपुतली बनाकर रखा। वे लोगों की आंखों में आंखें डालकर बात तक नहीं कर पाते थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तो कम से कम ऐसा कर लेते हैं।'