.webp)
डिजिटल डेस्क, इंदौर। पश्चिमी विक्षोभ के कारण आने वाले कुछ दिनों में राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत के कुछ राज्यों में मौसम में बड़ा बदलाव हो सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वोत्तर ईरान की ओर से एक पश्चिमी विक्षोभ तेजी से आगे बढ़ रहा है, जो 3 मार्च तक मौसम को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में राजधानी दिल्ली का मौसम सबसे ज्यादा प्रभावित हो सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के कारण अरब सागर से उत्तर पश्चिम भारत की ओर उच्च नमी का प्रवाह आ रहा है। इसके कारण पश्चिमी हिमालय क्षेत्र सहित उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बर्फबारी के साथ-साथ कुछ राज्यों में हल्की बारिश भी हो सकती है।
IMD के मुताबिक, पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 3 मार्च तक हल्की से मध्यम वर्षा, तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं दूसरी ओर पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश में 1 और 2 मार्च को बारिश हो सकती है। साथ ही तेज हवाएं चल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 2 मार्च तक बर्फबारी होने की संभावना है।