
डिजिटल डेस्क। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम करवट ले रहा है। दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के चलते 2 और 3 फरवरी को देश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। India Meteorological Department के अनुसार, इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भी बारिश के आसार हैं।
इन राज्यों में बारिश की संभावना
उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और महाराष्ट्र में मौसम बदला रह सकता है।
IMD Weather Alert !
Under the influence of two successive Western Disturbances, light to moderate rainfall/snowfall is likely over the Western Himalayan region, with isolated to scattered rainfall over adjoining northwest and central India from 1–3 February. Stay alert and plan… pic.twitter.com/IBufFiJqhl
— India Meteorological Department (@Indiametdept) February 1, 2026
2–3 फरवरी का अलर्ट
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड में गरज-चमक, बिजली गिरने और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। वहीं यूपी, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
उत्तर प्रदेश का हाल
प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश तो कहीं घना कोहरा देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी जारी की है।
मध्य प्रदेश में बदलेगा मौसम
एमपी के कई जिलों जैसे राजगढ़, मंदसौर, नीमच, ग्वालियर, चंबल संभाग और बुंदेलखंड के इलाकों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल
जम्मू-कश्मीर में 10 फरवरी तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। हिमाचल प्रदेश में शिमला और कुल्लू समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की गई है, जबकि मनाली में बारिश से ठंड और बढ़ गई है।
राजस्थान, पंजाब और हरियाणा
राजस्थान में 2-3 फरवरी को बारिश और ओले गिरने की आशंका है। पंजाब के कई जिलों में बारिश और धुंध को लेकर अलर्ट जारी किया गया है, जबकि हरियाणा में भी हाल ही में ओलावृष्टि दर्ज की गई है।