_m.webp)
डिजिटल डेस्क, इंदौर। पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम करवट ले रहा है। पहाड़ी राज्यों में जहां तेज बर्फबारी हो रही है, वहीं दूसरी ओर मैदानी राज्यों में एक बार फिर ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर सहित कई स्थानों पर तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। आज सुबह राष्ट्रीय राजधानी का तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा मैदानी इलाकों में दोपहर में धूप के साथ ठंडी हवा चल रही है।
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि हिमालयी इलाकों में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है और इस कारण से पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी जारी है। आने वाले 4 से 5 दिनों तक लगातार बर्फबारी हो सकती है और सर्दी बढ़ सकती है। IMD के मुताबिक, अगले तीन दिनों के भीतर उत्तर भारत के कई राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है।

IMD के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली-एनसीआर में दो दिनों तक बादल छाए रह सकते हैं। यहां अधिकतम तापमान 22 से 23 डिग्री तक रहने वाला है, वहीं न्यूनतम तापमान 8-9 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। इसके अलावा अगले 24 घंटे के दौरान राजस्थान, बिहार, बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, तेलंगाना में भी हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक जैसे दक्षिण भारतीय राज्यों में मौसम खुला रहेगा। यहां बारिश होने की संभावना नहीं है। इसके अलावा श्रीनगर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ज्यादातर इलाकों में मौसम साफ रहेगा।