
डिजिटल डेस्क: दिल्ली और उत्तर प्रदेश में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहता है, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई है। सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (IMD Cold Wave Alert) ने दिल्ली में शीतलहर की चेतावनी (Weather Update) जारी की है। यहां न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 17 से 20 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है। लखनऊ, नोएडा, सहारनपुर सहित पश्चिमी और मध्य यूपी में ठंड और कोहरे का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है।

मध्य प्रदेश में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि से रबी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। शाजापुर जिले के फूलखेड़ी, टुकराना, मोरटा और आसपास के गांवों में बेर और नींबू के आकार के ओले गिरे, जिससे गेहूं, प्याज, चना और सब्जियों को नुकसान हुआ। किसानों के अनुसार 40 से 50 प्रतिशत तक फसल खराब हो गई है। देवास जिले के हाटपीपल्या, करनावद और बागली क्षेत्रों में भी सैकड़ों किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं।
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर और पांगी में तीन स्थानों पर हिमस्खलन हुआ। मंगलवार देर रात हुए हिमस्खलन में तीन दुकानें और दो पिकअप वाहन दब गए, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सिरमौर जिले के हरिपुरधार में बर्फ पर फिसलकर पर्यटकों की कार खेत में गिर गई, जिसमें पंचकूला निवासी जगपाल की मौत हो गई। चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन से एक स्कार्पियो वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
उत्तराखंड में जोरदार बर्फबारी के कारण दो दर्जन से अधिक संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं। केदारनाथ में तीन से चार फीट तक बर्फ जम गई है। धनोल्टी, औली, बुरांसखंडा, काणाताल और टिहरी में पर्यटकों की आवाजाही जारी है। पेयजल और बिजली आपूर्ति भी कई क्षेत्रों में प्रभावित हुई है।
जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी के बाद बंद जम्मू-श्रीनगर हाईवे को बुधवार को आंशिक रूप से खोल दिया गया। श्रीनगर एयरपोर्ट से उड़ानें भी फिर शुरू हो गई हैं। किश्तवाड़ में भूस्खलन से दर्जनों मवेशी दब गए, जबकि कुलगाम में कार में हीटर चलाकर सो रहे युवक की दम घुटने से मौत हो गई। सोनमर्ग में भी हिमस्खलन से संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।
मौसम विभाग के अनुसार 31 जनवरी से 2 फरवरी तक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा, जिससे उत्तर-पश्चिम भारत और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में मौसम और खराब हो सकता है।