
नई दिल्ली। शेयर बाजार सोमवार को खुलते ही बड़ी गिरावट की ओर बढ़ने लगा। सेंसेक्स करीब हजार अंक तक नीचे पहुंच गया। रुपए की कीमत भी 32 पैसे तक लुढ़क गई। इससे विपक्ष को सरकार पर निशाना साधने का बहाना मिल गया।
कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने ट्विटर के जरिए नरेंद्र मोदी सरकार पर पॉलिसी पैरालिसिस का आरोप लगाया। उन्होंने ट्वीट में लिखा- मिस्टर पीएम रुपया 66.49 (डॉलर के मुकाबले) पर पहुंच गया है। क्या तेजी से गिर रही रही है मुद्रा या आपकी सरकार की विश्वसनीयता। उन्होंने आगे लिखा कि यह पॉलिसी पैरालिसिस है या डिमेंशिया?
उधर, कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने भी सरकार को घेरने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले गिरकर 66.49 पर आ गया है और सेंसेक्स एक हजार अंक नीचे है। निफ्टी आठ हजार के स्तर के नीचे है और प्रधानमंत्री मोदी चाहते हैं कि हम यकीन करें कि वह अच्छा काम कर रहे हैं।