
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अमरोहा के हसनपुर कोतवाली थाने में एक हैरान कर देने वाली घटना घटी। यहां शनिवार को एक 19 साल की महिला बैग में भ्रूण लेकर थाने पहुंच गई। उसने अपने पड़ोस में रहने वाले शख्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उसके पड़ोसी ने कथित तौर पर उसका बलात्कार किया और फिर जबरन उसका गर्भपात करवाया।
पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर उसकी जांच के लिए फॉरेंसिक लैब में भिजवा दिया है। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर 22 साल के युवक मनोज के खिलाफ शिकायत दर्ज की है, जो फिलहाल फरार है। हसनपुर के सर्किल अधिकारी अजय कुमार ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।
पीड़िता अपनी मां के साथ हसनपुर कोतवाली आई थी। उसने पुलिस को बताया कि आरोपी ने पांच महीने पहले बंदूक की नोक पर उसका बलात्कार किया था। इसके साथ ही उसने घटना के बारे में किसी को बताने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी थी।
डर की वजह से युवती चुप रही। मगर, घटना के पांच महीने बाद हालात तब बिगड़ गए जब उसे पता चला कि वह गर्भवती है। युवती ने आरोप लगाया कि 13 जुलाई को आरोपी ने उसे गर्भपात के लिए कुछ दवा दी। दवा खाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई।
परिवार के सदस्यों को घटना के बारे में शुक्रवार को गर्भपात के बाद पता चला। इसके बाद पीड़िता की मां शनिवार शाम को उसे लेकर पुलिस थाने पहुंची।