
बेंगलुरु। कर्नाटक में एक महिला पुलिस अधिकारी अनुपमा शिनॉय के फेसबुक पर किए एक कमेंट से हंगामा मच गया है। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा है, 'इस्तीफा दे दिया और बेरोजगार हूं।' इस कमेंट के साथ उन्होंने अपनी एक स्माइली भी बनाई है। अनुपमा शिनॉय वहीं ऑफिसर हैं जिन्हें राज्य के एक मंत्री पीटी परमेश्वर नायक के कॉल को होल्ड पर रखना भारी पड़ गया था। इसके चलते उनका तबादला कर दिया गया था।
एनडीटीवी में छपी खबर के मुताबिक मामले को लेकर विपक्षी पार्टी भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा नेता सुरेश कुमार ने कहा, 'अनुपमा अपनी प्रतिबद्धता और दक्षता के लिए जानी जाती हैं। मुझे लगता है कि उनकी यही खासियत मंत्री पीटी परमेश्वर नायक के लिए रोड़ा बन गई।'
भाजपा नेता ने कहा कि दो महीने पहले ही मंत्री ने महिला अधिकारी के लिए मुश्किलें खड़ी की थी। और अचानक अब उन्होंने इस्तीफा दे दिया है और वो फेसबुक पर पोस्ट कर रही हैं। इससे पता चलता है कि उन्हें राजनीतिक दबाव के चलते इस्तीफा देना पड़ा। मुझे लगता है सरकार को इस ईमानदार अधिकारी का साथ देना चाहिए।
फोन को होल्ड पर रखने की सजा
अनुपमा बेल्लारी जिले में कुडलिगी में डीएसपी के पद पर तैनात थीं। दरअसल, जनवरी में अनुपमा ने मंत्री का फोन होल्ड पर रख दिया था। जो इसी इलाके से विधायक है नाराज हो गए थे। बाद में, मंत्री नायक को कैमरे पर अनुपमा का तबादला करवा देने के बारे में बातें करते कैद किया गया। काफी हंगामे के बाद फरवरी में अनुपमा को बहाल कर दिया गया।
वहीं राज्य के मुखिया सिद्धारमैया ने कहा कि उन्होंने अनुपमा के इस्तीफे के बारे में सुना है लेकिन उन्हें मामले की ज्यादा जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, 'अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। अनुपमा ने अपना इस्तीफा भेज दिया है। राज्य के डीजी इस मामले को देखेंगे।'
वहीं मामले में एक रिटायर्ड आईजी ने कहा कि यह हमेशा किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अगर वरिष्ठ अधिकारी सहयोग नहीं कर रहे हैं, तो वह खुद भी कानून का पालन करवा सकती थीं।