
मल्टीमीडिया डेस्क। गुरुवार अल सुबह भारतीय सेना ने एलओसी में सर्जिकल स्ट्राइक कर कई आतंकियों को ढेर कर दिया। इसके साथ ही उनके समूहों को भारी नुकसान भी पहुंचाया। बताया जा रहा है कि इस हमले में करीब 38 आतंकी मारे गए हैं।
इस कार्रवाई को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में भारतीय सेना ने अंजाम दिया है। हमले में दो पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं और नौ घायल बताए जा रहे हैं। जानते हैं विभिन्न देशों द्वारा अंजाम दी गई सर्जिकल स्ट्राइक्स के बारें में।
म्यानमार में भारत ने की थी पहली बार ऐसी कोशिश
10 जून 2015 को सॉफ्ट स्टेट की छवि को तोड़ते हुए भारत ने म्यानमार की सीमा में घुसकर नागा उग्रवादियों के ठिकानों पर हमला किया। इस हमले में 38 आतंकियों को सेना ने ढ़ेर कर दिया था। जून के पहले सप्ताह में मणिपुर के चंदेल जिले में उग्रवादियों के हमले में सेना के 18 जवान शहीद हो गए थे।
जानिए क्या होती है सर्जिकल स्ट्राइक, भारत ने ऐसे लिया बदला
सर्जिकल स्ट्राइक में मोसाद है नंबर वन
सर्जिकल स्ट्राइक में इजराइल की खुफिया एजेंसी मोसाद का कोई जवाब नहीं है। साल 1949 में गठित हुई यह एजेंसी दुनियाभर में अभियान चलाने के लिए मशहूर है। ऐसा ही एक ऑपरेशन इसने सीरिया में चलाया था, जहां बन रहे परमाणु रिएक्टर अल-किबर को नष्ट कर दिया था। इस अभियान को इजरायल की एयरफोर्स ने अंजाम दिया था। इससे पहले इराक के ओसिराक रिक्टर पर हमला कर उसे भी तबाह कर दिया था।
अमेरिका ने पाक में मारा ओसामा को
अमेरिका ने मई 2011 में पाकिस्तान में दुनिया में आतंक का पर्याय बने अल-कायदा के आतंकी ओसामा बिन लादेन को मार गिराया था। कहा जाता है कि उसे आईएसआई के घेरे में एबोटाबाद के एक घर में छिपाकर रखा था। सीआईए के नेतृत्व में नेवी सील के कमांडोज ने इस अभियान को अंजाम दिया था।
भारत के सर्जिकल स्ट्राइक के बाद अगले 48 घंटे अहम
सोमालिया में ब्लैक हॉक डाउन
साल 1993 में यूएस स्पेशल फोर्सेस ने सोमालिया के वॉर लॉर्ड मोहम्मद फराह को पकड़ने के लिए मिशन भेजा था। इस दौरान अमेरिका के दो ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टर मार गिराए गए। इस अभियान में अमेरिका के 18 सैनिक मारे गए और 70 से अधिक घायल हो गए, जबकि फराह भाग निकला। यह अभियान बुरी तरह विफल हो गया, लेकिन इस पर किताबें लिखी गईं और मूवी भी बनी है।
ऑपरेशन ईगल क्लॉ, ईरान
नवंबर 1979 में कुछ ईरानी छात्रों ने राजधानी तेहरान के अमेरिकी दूतावास में 53 अमेरिकियों को बंधक बना लिया था। तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जिमी कार्टर एक गुप्त बचाव अभियान 'ईगल क्लॉ' की शुरूआत की। हालांकि, मिशन पूरी तरह से विफल रहा। यूएस स्पेशल फोर्स के जवान रेत के तूफान में फंस गए।
वहां से निकलने के दौरान उन्हें गोलीबारी का सामना करना पड़ा और एक हेलीकाप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अमेरिका के आठों सैनिक मारे गए और एक भी अमेरिकी बंदी को नहीं बचाया जा सका। इस घटना के बाद जिमी कार्टर को राष्ट्रपति पद से हाथ धोना पड़ा।