डिजिटल डेस्क, इंदौर। राजनीतिक विश्लेषक प्रशांत किशोर लोकसभा चुनाव में अपनी भविष्यवाणी को लेकर बहुत चर्चा में हैं। उन्होंने लगभग हर प्लेटफॉर्म पर यही कहा है कि 2024 में भाजपा के नेतृत्व में एनडीए फिर से सरकार बना रहा है। ऐसे में उनकी इंडी गठबंधन की ओर से आलोचना भी हो रही है। अब उन्होंने 2025 में होने वाले बिहार विधानसभा को लेकर भी भविष्यवाणी कर दी है।
प्रशांत किशोर ने इंडिया टूडे के इंटव्यू में बताया कि बिहार में जन सुराज 2025 को पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगा। हम किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेंगे। हमारा दल 243 सीटों पर अकेले ही चुनाव लड़ेगा। प्रशांत किशोर के इस इंटरव्यू के बाद बिहार की राजनीति दिलचस्प हो गई है। भाजपा, नीतीश व तेजस्वी के लिए प्रशांत किशोर एक नए चैलेंज के रूप में सामने आए हैं।
प्रशांत किशोर ने बहुत ही आत्म विश्वास के साथ कहा कि 2025 में बिहार की जनता एक नए विकल्प को अपने लिए लेकर आएगी। बिहार में जन सुराज अपने दम पर सरकार बनाने की स्थिति में पहुंचेगा। मैं अगर ऐसा नहीं कर पाता हूं, तो आप 2025 में फिर से मेरे पास आना। उस समय मुझसे कहना कि आपने तब ऐसा कहा था। उसके बाद आप जो भी मुझे सलाह देंगे मैं उसको मान लूंगा।
प्रशांत किशोर ने कहा कि राजद ने विचार करना शुरू कर दिया है कि हम उनकी लालटेन से कैरोसिन ना चुरा लें। मैं फिर से आपको लिखकर देता हूं कि हम राजद, जदयू या फिर भाजपा का वोट काटने नहीं जा रहे हैं। हमारे साथ हजारों लोग जुड़ रहे हैं। वह सब मिलकर एक दल को बनाएंगे। यह दल ना भाजपा का वोट काटने वाला है और ना ही राजद का काटेगा। दोनों ही दलों को जनता उखाड़ कर फेंक देगी।