
राजौरी। पाकिस्तान अपनी नापाक हरकत से बाज नहीं आ रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे मंगलवार को जब जम्मू के सीमावर्ती गांवों का दौरा करके पाकिस्तानी सेना द्वारा की जा रही गोलाबारी की स्थिति का जायजा ले रहे थे, तब भी नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की हरकतें जारी थीं।
पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू यह गोलीबारी देर रात तक जारी रही। रात करीब 11 बजे आरएसपुरा सेक्टर में पाक सैनिकों ने मोर्टार दागे, जिसमें चेनाज पोस्ट पर तैनात बीएसएफ की 193 बटालियन के तीन जवान घायल हो गए और एक जवान शहीद हो गए। शहीद की पहचान एमएल मीणा के रूप में हुई है। पाक सेना ने दिन से ही पुंछ जिले के बालाकोट, मनकोट, बीजी सेक्टर की 15 से अधिक पोस्टों पर गोलाबारी शुरू कर दी थी और रिहायशी क्षेत्रों में भी मोर्टार व रॉकेट दागे।
हॉटलाइन पर पाक को खरी-खरी
नियंत्रण रेखा पर लगातार गोलीबारी और संघर्ष विराम उल्लंघन के बीच भारत ने सैन्य वार्ता के दौरान पाकिस्तान से सख्त एतराज दर्ज जताया है। सैन्य अभियान महानिदेशक (डीजीएमओ) ने अपने पाकिस्तानी समकक्ष के साथ हॉटलाइन वार्ता में सीमा पर अकारण गोलीबारी बंद करने को कहा। जवाब में पाकिस्तानी सैन्य अधिकारी ने पल्ला झाड़ते हुए उलटे भारत पर उकसाऊ गोलीबारी का आरोप लगा दिया। उल्लेखनीय है कि दोनों अधिकारियों के बीच हर सप्ताह फोन संपर्क की व्यवस्था है।