
जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर में मुत्थूट फाइनेंस की मानगो शाखा में बदमाशों ने सोमवार दिनदहाड़े लगभग छह किलो सोना लूट लिया। इसकी कीमत करीब पौने दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। घटना सोमवार दोपहर करीब 2.40 बजे हुई। घटनास्थल पर हमेशा ट्रैफिक जाम की स्थिति रहती है, जबकि मानगो थाना भी कुछ ही दूरी पर है।
छह की संख्या में आए लुटेरों ने मानगो मुख्य सड़क पर स्थित शक्ति अपार्टमेंट के पहले मंजिल पर स्थित मुत्थूट फाइनेंस के कार्यालय पर धावा बोल दिया। हथियारबंद बदमाशों ने प्रबंधक के. उन्नीकृष्णन, सहायक प्रबंधक देवव्रत दास सहित सुरक्षाकर्मी व ग्राहकों को बंधक बना लिया।
सुरक्षाकर्मी जोगेंद्र शर्मा के सिर पर पिस्तौल से प्रहार कर उसे घायल कर दिया व उसकी लाइसेंसी बंदूक छीन ली। इसके बाद दो बदमाश स्ट्रांग रूम में गए और दो बैग में सोने के जेवरात भर लाए। बदमाशों ने कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और सभी को स्ट्रांग रूम में ले जाकर बंद कर दिया। इसके बाद लूट का सोना लेकर बदमाश आराम से नीचे उतरे और फरार हो गए।
सूचना पर कोल्हान डीआइजी आरके धान, एसएसपी अमोल वी होमकर, ग्रामीण एसपी शैलेंद्र कुमार सिन्हा समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और बदमाशों की तलाश शुरू कराई।