
नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के नए निदेशक के रूप में दिल्ली पुलिस आयुक्त आलोक कुमार वर्मा का चयन करने वाली उच्चाधिकार प्राप्त समिति की बैठक के मिनट्स प्रस्तुत करने के लिए केंद्र को निर्देश देने से सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को इन्कार कर दिया। इस समिति में प्रधानमंत्री, प्रधान न्यायाधीश और लोकसभा में विपक्ष के नेता शामिल हैं।
गैर सरकारी संस्था (एनजीओ) "कॉमन कॉज" की इस आशय की याचिका पर सुनवाई के दौरान अटार्नी जनरल मुकुल रोहतगी और अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि सीबीआई निदेशक के पद पर वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आलोक कुमार वर्मा की नियुक्ति की जा चुकी है।
इस पर जस्टिस कुरियन जोसेफ और जस्टिस एएम खानविल्कर की पीठ ने कहा, "अब बैठक के मिनट्स प्रस्तुत करने का सवाल ही कहां उठता है। फैसला लिया जा चुका है और आदेश जारी हो चुका है। आप (याचिकाकर्ता एनजीओ के वकील प्रशांत भूषण) ऐसी चीज के लिए दबाव क्यों डाल रहे हैं जो समाप्त हो चुकी है।"