
जयपुर। राजस्थान के राजसमंद जिले के राजमहल होटल में पिछले सप्ताह मिलीं 76 लड़कियों का संबंध बाबा वीरेंद्र देव दीक्षित से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस मामले में दीक्षित के जुड़े होने के एंगल से भी जांच कर रही है।
गौरतलब है कि राजस्थान पुलिस और राजसमंद की बाल कल्याण समिति ने पिछले सप्ताह होटल से लड़कियों को छुड़ाया था। इसमें करीब 35 लड़कियां नाबालिग थीं।
यह लड़कियां नेपाल, छत्तीसगढ़, बिहार, हरियाणा, असम, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, सिक्किम, तमिलनाडु, कर्नाटका व मध्य प्रदेश की हैं। फिलहाल इनको बाल कल्याण समिति के संरक्षण में आसरा विकास संस्थान नाम के शेल्टर में रखा गया है।
इस बारे में राजस्थान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य एसपी सिंह का दावा है कि जिस संस्था ने इन लड़कियों को जबरन बंदी बनाकर रखा था, वह बाबा वीरेंद्र देव दीक्षित से जुड़ी है।
बताया जा रहा है कि यह संस्था सिरोही में कार्यरत थी और सिरोही से इन बच्चियों को बाल कल्याण समिति की अनुमति के बिना राजसमंद नहीं लाया जा सकता था।
उधर, राजनगर पुलिस स्टेशन के थानाधिकारी दिनेश कुमार का कहना है कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस बात की जांच कर रहे हैं कि इस मामले के तार वीरेंद्र देव दीक्षित से जुड़े हैं या नहीं।
कौन है बाबा वीरेंद्र देव
कई शहरों में आध्यात्मिक विश्र्वविद्यालय के नाम से आश्रम चलाने वाले बाबा वीरेंद्र देव दीक्षित ने खुद को कृष्ण घोषित किया था। उस पर कई लड़कियों से दुष्कर्म करने का आरोप है।
पिछले दिनों दिल्ली हाई कोर्ट में वीरेंद्र देव दीक्षित के खिलाफ अर्जी लगाने वाली एक महिला का आरोप था कि बाबा ड्रग्स लेकर रोज 10 लड़कियों के साथ रेप करता था।
उसे निर्वस्त्र लड़कियों से मालिश कराने का शौक था. वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स में भी खुलासा हुआ था कि इस वहशी बाबा ने 16,000 महिलाओं के साथ संबंध बनाने का लक्ष्य रखा था। बाबा का उत्तर प्रदेश फर्रुखाबाद व गुजरात के अहमदाबाद से भी नाता रहा है।