
जयपुर। अलवर के रामगढ़ में गौ तस्करी के शक में दो दिन पूर्व कथित मॉब लिंचिंग के शिकार हुए अकबर उर्फ रकबर की मौत सदमे से हुई थी। यह खुलासा उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पीएमआर में दी गई जानकारी के अनुसार रकबर की मौत पिटाई से आई चोटों के कारण हुए सदमें से हुई थी।
इसमें यह भी कहा गया है कि रकबर के हाथ और पैर की हड्डी टूटी हुई थी वहीं उसके शरीर पर 12 जगह चोट के निशान थे।
वहीं रकबर की मौत के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवालों को देखते हुए गठित की गई उच्चस्तरीय जांच समिति ने माना है कि अकबर को पहले अस्पताल ले जाने के मामले में पुलिस से निर्णय लेने में गलती हुई। इस मामले में एक एएसआई मोहन सिंह को निलंबित किया गया है और तीन कांस्टेबल को लाइन हाजिर किया गया है। मामले की जांच अभी जारी रहेगी।
Postmortem report of Akbar, alias Rakbar Khan, states 'cause of death in this case is shock as a result of ante-mortem injuries sustained over body mentioned in PMR.' #AlwarLynching https://t.co/60i7KEiyPR
— ANI (@ANI) July 24, 2018
अलवर मॉब लिंचिंग मामले में पुलिस की भूमिका पर स्थानीय विधायक ज्ञानदेव आहूजा, चश्मदीद गवाह नवल किशोर और मेव समुदाय ने सवाल खडे़ किए थे और आरोप लगाया था कि पुलिस ने तीन घंटे तक अकबर को थाने में रखा, जबकि उसे तुरंत अस्पताल ले जाना चाहिए था।
इस मामले में पुलिस ने पहले जयपुर रेंज कार्यालय के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राइम एंड विजिलेंस को सौंपी गई थी लेकिन गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया ने इसे अधिक गम्भीर मामला मानते हुए पुलिस के तीन वरिष्ठ अधिकारियों की टीम गठित करने के निर्देश दिए।
मामले की जांच के लिए सोमवार को ही अलवर पहुंची टीम ने प्राथमिक जांच की और इसके बाद एडीजी कानून व्यवस्था एन.आर.के.रेड्डी ने मीडिया से बातचीत में इस बात को स्वीकार किया कि अकबर को थाने के बजाए पहले अस्पताल ले जाया जाना चाहिए था। इस मामले में पुलिस से निर्णय लेने में गलती हुई है।
उन्होंने पुलिस द्वारा मारपीट किए जाने के आरोप पर कहा कि अभी हमने सिर्फ प्राथमिक जांच की है। विस्तृत जांच अभी की जा रही है जो सभी पहलूओं पर जांच करेगी। लेकिन निर्णय लेने की गलती के मामले में मामले के इंचार्ज एएसआई मोहन सिंह को निलंबित कर दिया गया है और तीन अन्य कांस्टेबल्स को लाइन हाजिर किया गया है।
गौरतलब है कि सोमवार को उदयपुर में मीडिया से बात करते हुए राजस्थान के गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि इस मामले पर पुलिस की लापरवाही की बात मीडिया के जरिए सामने आई है। ऐसे में डीजीपी को तीन अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय समिति बनाने के निर्देश दिए हैं। यह कमेटी यह पता लगायेगी कि इसमें पुलिस की लापरवाही रही है या नही। कटारिया ने कहा कि यह पहलू अभी तक उनके सामने नहीं आया था, लेकिन जब मीडिया से पता चला है तो इसकी भी जांच होनी चाहिए। यह कमेटी थाने पर जाकर जांच करेगी।
गृहमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस महानिदेशक ओ.पी.गल्होत्रा ने विशिष्ट महानिदेश्क पुलिस एन.आर.के.रेड्डी, अतिरिक्त महानिदेशक सीआईडी सीबी पी.के.सिंह, अतिरिक्त महानिदेशक जयपुर रेंज हेमंत प्रियदर्शी और पुलिस महानिरीक्षक सीआईडीसीबी महेन्द्र सिंह चैधरी की टीम गठित कर दी। इस टीम ने सोमवार को ही मौके पर जा कर मामले की जाच शुरू कर दी थी। टीम अपनी विस्तृत जांच रिपोर्ट बाद में देगी।
नहलाया और रास्ते में चाय पी
इस मामले में अब यह भी सामने आ रहा है कि अकबर के साथ मारपीट तो हुई, लेकिन वह बहुत ज्यादा घायल अवस्था में नहीं था। पुलिस ने उसे अपनी गाड़ी में बैठाने से पहले नहलाया, क्याोंकि वह मिट्टी और कीचड़ से सना था। जिस आरोपी बना कर पुलिस ने पकड़ा है, उसी धर्मेन्द्र से कपडे़ मंगवाए और फिर पुलिस उसे थाने ले गई। कहा जा रहा है कि इस दौरान पुलिस ने चाय भी पी। इसके बाद पुलिस थाने पहुंची।