
नई दिल्ली। महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने जख्मी जूतों के डॉक्टर नरसी राम के लिए 'जख्मी जूतों का हॉस्पिटल' तैयार करवा दिया है। उन्होंने बाकायदा ट्वीट कर यह जानकारी दी है और कहा है कि जल्द ही यह जूतों का अस्पताल नरसी राम को दे दिया जाएगा। दरअसल, बीते दिनों एक पोस्ट वायरल हुई थी, जिसका टाइटिल था 'जूतो का डॉक्टर'।
हरियाणा के जींद में पटियाला चौक पर एक शख्स नरसी राम जूते सुधारते हैं। मगर, लीक से हटकर उन्होंने अपनी दुकान का नाम 'जख्मी जूतों का हस्पताल' रखा। उसने इसमें अपने को डॉक्टर नरसी राम लिखा और जूते सुधारने से लेकर लंच तक का समय बताया।
किसी ने नरसी राम की फोटो उद्योगपति आनंद महिंद्रा को व्हाट्सएप पर भेज दी। आनंद महिंद्रा इस शख्स की कला और काम के प्रति लगन के मुरीद हो गए और उन्होंने ट्विटर पर इसकी फोटो ट्विट करते हुए लिखा कि 'इस आदमी को IIM में मार्केटिंग सिखानी चाहिए।' महिंद्रा ने लोगों से इस शख्स को खोजने की अपील की। उन्होंने कहा कि वो उसके छोटे से स्टार्टअप में निवेश करना चाहते हैं।
6 करोड़ की ज्वैलरी पहनकर कांवर यात्रा में निकले गोल्डन बाबा, देखें तस्वीरें
इसके बाद इस शख्स को ढूंढने का काम शुरू हुआ और हरियाणा में उसे तलाश कर लिया गया। महिंद्रा कंपनी ने उसे फूल और मोमेंटो दिया और महिंद्रा के टैक्ट्रर पर बिठाकर सारे शहर में घुमाया। जब नरसी राम से पूछा गया कि वह क्या चाहते हैं, तो उन्होंने पैसों की मदद नहीं मांगी। नरसी ने जो कहा, उस बात ने आनंद महिंद्रा के दिल और और गहराई तक छू लिया।
इस घटना के बारे में आनंद ने ट्वीट करते हुए लिखा- हरियाणा में हमारी टीम उनसे मिली और पूछा कि हम कैसे उनकी मदद कर सकते हैं। बिल्कुल साधारण और नम्र नरसीजी ने पैसे नहीं मांगे, उन्होंने काम करने के लिए बेहतर जगह की जरूरत के बारे में बताया। मैंने अपनी डिजाइन टीम को चलती-फिरती दुकान डिजाइन करने को कहा है।''
अब महिंद्रा ने फिर से ट्विट कर कहा है कि 'जख्मी जूतों का हॉस्पिटल' तैयार हो चुका है। उन्होंने कहा कि उनकी टीम ने नरसी राम से संपर्क कर उसके स्टार्टअप में निवेश करने का न्यौता दिया। नरसी राम ने उनसे अपने लिए अच्छा सा कियोस्क मांगा। आनंद महिंद्रा के मुंबई स्थित डिजाइन स्टूडियो ने एक बेहतरीन 'कियोस्क' नरसी राम के लिए तैयार किया है। ये जल्द ही नरसी राम को भेजा जाएगा।
इस कियोस्क में दो बैंच लगी हैं। ऊपर 'जख्मी जूतों का हस्पताल' लिखा है। ये वैंटिलेटेड और वाटरप्रूफ कियोस्क है। इसमें जूतो रखने और टांगने की सुविधा भी दी गई है। बहुत ही कम लागत में बने इस 'कियोस्क' का डिजाइन बहुत ही यूनिक है। आनंद महिंद्रा के इस कदम की ट्विटर पर लोग सराहना कर रहे हैं।
