
जयपुर। नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में जोधपुर जेल में बंद आसाराम गुरुवार को मीडिया से बातचीत में अपना आपा खो बैठे। जोधपुर के एससी-एसटी कोर्ट में सुनवाई के दौरान जब आसाराम को कोर्ट में पेश किया गया तो मीडिया ने उनसे पूछा कि आप संत हो या कथावाचक की श्रेणी में आते हो।
इस पर आसाराम झल्ला उठे और आपा खोते हुए कहा कि मैं तो गधों की श्रेणी में हूं। जब दोबारा पूछा कि क्या आप अपने को गधा कह रहे तो आसाराम ने कहा कि जो सही है वो कहा, मैं क्या जवाब दूं।
लगातार बचाव पक्ष के गवाहों के नहीं आने से और अखाड़ा परिषद द्वारा फर्जी बाबाओं की लिस्ट में आसाराम को बताए जाने पर आसाराम पिछले दिनो चुप्पी साधे हुए थे। लेकिन गुरुवार को अपना सब्र खो बैठे। बुधवार को भी आसाराम को नियत समय पर पुलिस ने कोर्ट में पेश किया था।
इस दौरान जब उनसे अखाडा परिषद की सूची के बारे में पूछा गया तो वे चुप रहे थे और कोई जवाब नही दिया था। हालांकि, कोर्ट से बाहर निकलते समय यह जरूर कहा था कि मैं कोई बहाना नहीं कर रहा हूं, मेरी तबीयत ठीक नहीं थी इसी वजह से कुछ नहीं बोला, आज ठीक हूं तो बोल रहा हूं।