
नरेन्द्र शर्मा, जयपुर। ललित मोदी प्रकरण में राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को घेरने में जुटी कांग्रेस अब खुद नई मुसीबत में फंस गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे और प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री वैभव गहलोत से जुड़ी कंपनियों के खिलाफ कालेधन को वैध बनाने के आरोपों की जांच शुरू कर दी है। यदि शिकायत सही निकली तो मनी लांड्रिंग एक्ट के तह केस दर्ज होगा।
गहलोत के पारिवारिक मित्र रतन कांत शर्मा ने मार्च 2007 में ट्राइटन होटल्स एंड रिसोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी रजिस्टर कराई। अप्रैल 2007 में कंपनी के 100 रुपये कीमत वाले 2 लाख 27 हजार शेयर रतन और उनकी पत्नी जूही के नाम थे। इसके अतिरिक्त 14 हजार 500 के शेयर भी जूही के नाम थे। इस कंपनी ने कुछ साल तक कोई काम नहीं किया।
जुलाई 2011 में ट्राइटन होटल्स के 2500 शेयर मॉरीशियस की कंपनी शिवनार होल्डिंग्स को 39 हजार 900 प्रीमियम पर दिए गए। यही नहीं वित्त वर्ष 2012-13 में ट्राइटन होटल्स के शेयर की कीमत घटकर 1150 रुपये रह गई। जनवरी 2013 में ट्राइटन होटल्स के 10 हजार शेयर फिर से शिवनार होल्डिंग्स को आवंटित किए गए। आरोप है कि शिवनार होल्डिंग्स कंपनी गलत ढंग से कमाए गए धन को वैध बनाने का जरिया है।
जिस दौरान अशोक गहलोत राजस्थान के मुख्यमंत्री थे उसी समय रतनकांत शर्मा ने जयपुर में होटल बनाया, जिसका काम वैभव गहलोत संभालते हैं। ईडी में सामाजिक कार्यकर्ता सूरज सोनी की ओर से की गई शिकायत में सबूत के तौर पर वैभव की कंपनी सनलाइट कार रेंटल सर्विसेज के दस्तावेज दिए गए हैं। जिसके अनुसार, सनलाइट में रतनकांत शर्मा निदेशक हैं।
इधर रतन की कंपनी ट्राइटन होटल्स में वैभव गहलोत लीगल एडवाइजर हैं। ऐसे में संदेह है कि शिवनार होल्डिंग्स की आड़ में लगाई गई 11 करोड़ रुपए की राशि गहलोत की है। वही इस बारे में वैभव गहलोत का कहना है कि ईडी जांच में सब स्पष्ट हो जाएगा।
मेरी कंपनी सनलाइट का मॉरिशियस की कंपनी से कोई लेना-देना नहीं है। मैं ट्राइटन होटल्स में तीन साल तक लीगल एडवाइजर रहा हूं। रतनकांत ने मेरी कंपनी सन लाइट को 13 लाख का लोन दिया है। उन्होंने 10 रुपए प्रति शेयर के हिसाब से मेरी कंपनी के एक लाख के शेयर खरीद रखे हैं।