
जयपुर। अपने बयानों को लेकर चर्चाओं में रहने वाले जैन मुनि तरुण सागर महाराज ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। लव जिहाद को मुसलमानों की साजिश बताते हुए कहा कि झूठे प्यार के नाम पर हिंदू लड़कियों को मुसलमान बनाया जा रहा है।
बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि लव जिहाद को नहीं रोका गया तो भारत कुछ दिनों में दूसरा पाकिस्तान बन जाएगा। दो बच्चों का कानून हिंदू और मुसलमानों पर समान रूप से लागू होना चाहिए। दो बच्चों से अधिक पर कानूनी रोक लगाई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा मुसलमानों की आबादी पर रोक नहीं लगेगी तो देश में विस्फोटक स्थिति पैदा हो जाएगी। कुछ मुसलमान दिल से पाकिस्तान के साथ हैं, वे भारत के टुकड़े करना चाहते हैं। भाजपा विरोधी मुसलमानों की आबादी बढ़ने से देश में गंभीर संकट पैदा हो जाएगा। हिदू असुरक्षित हो जाएंगे।
लव जिहाद के विरोध में फहराया भगवा झंडा-
राजस्थान के सिरोही जिले के आबू रोड कस्बे में स्थित एक सरकारी कालेज में हिंदूवादी संगठनों ने भगवा झंडा फहरा दिया। उनका आरोप था कि कॉलेज लव जिहाद का अड्डा बन गया है। कॉलेज प्रशासन इस पर ध्यान नहीं दे रहा है। पुलिस भी कार्रवाई नहीं करती।
विश्व हिदू परिषद, बजरंग दल सहित कई संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आबू रोड शहर में रैली निकाली। नारेबाजी करते हुए सरकारी कॉलेज तक पहुंच गए। कॉलेज की छत पर चढ़कर भगवा झंडा फहरा दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी अपलोड कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बल प्रयोग कर उन्हें खदेड़ा।