
उदयपुर। जयपुर और पड़ोसी राज्य गुजरात के अहमदाबाद में जीका वायरस रोगियों के सामने आने के बाद उदयपुर में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। हालांकि, गनीमत है कि अभी उदयपुर में जीका वायरस का एक भी रोगी सामने नहीं आया है, पर दो दिन में दो सौ से अधिक संदिग्ध रोगियों की जांच के लिए नमूने अवश्य लिए गए हैं। इनकी जांच के नमूने जयपुर, जोधपुर एवं कोटा भेजे जाएंगे, इसकी वजह यह है कि यहां जांच के लिए किट ही उपलब्ध नहीं हैं। रिपोर्ट दो दिन में मिलने की उम्मीद है।
उदयपुर के रविंद्रनाथ मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में जीका वायरस की जांच के लिए किट ही उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में संदिग्ध रोगियों के जांच नमूने जयपुर, जोधपुर एवं कोटा मेडिकल कॉलेज भेजा जाना मजबूरी है। इसके विभागाध्यक्ष डॉ. अंशु शर्मा ने बताया कि सोमवार तक उदयपुर में जीका वायरस की जांच के लिए किट आ जाएंगे। उसके बाद संदिग्ध रोगियों की जांच रिपोर्ट उदयपुर में ही तैयार की जा सकेगी। फिलहाल उन्होंने रोगियों को सतर्क रहने को कहा है।
उनका कहना है कि जीका में कई बार लक्षण नहीं दिखते हैं। बीमारी बढ़ने पर न्यूरोलॉजिकल और ऑर्गन फैलियार हो सकते हैं। गर्भावस्था में नवजात में न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर और ब्रेन डैमेज तक हो सकता है। जीका वायरस एवं मौसमी बीमारियों पर रोकथाम के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खराड़ी ने जिले के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों पर फॉगिंग करने के निर्देश जारी किए हैं।
गौरतलब है कि उदयपुर व्यापारिक एवं पर्यटन के रूप से अहमदाबाद से सीधा जुड़ा हुआ है। जहां से हर दिन सैकड़ों गुजराती पर्यटक उदयपुर आते हैं। स्थानीय व्यापारी अहमदाबाद जाते हैं, जिसके चलते आशंका जताई जा रही है कि यहां भी जीका वायरस आ सकता है।
दो माह से उपलब्ध नहीं पैरासीटामोल टेबलेट-
पैरासीटामोल टेबलेट पिछले दो माह से उदयपुर में उपलब्ध नहीं है, जबकि यहां प्रतिदिन करीब बीस हजार टेबलेट की मरीजों की जरूरत है।
''दवाओं की कोई कमी नहीं है। पैरासीटामोल टेबलेट यदि खत्म हो गई हैं, जल्द ही भिजवा दी जाएंगी।''
-अनिल गुप्ता, महाप्रबंधक, राजस्थान मेडिकल कॉरपोरेशन लिमिटेड
राजस्थान में जीका वायरस के मरीज बढ़कर हुए 42 राजस्थान में जीका वायरस के मरीजों की संख्या 32 से बढ़कर 42 हो गई है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि 42 पॉजिटिव लोगों में से 30 की स्थिति उपचार के बाद काफी बेहतर है।
जयपुर में ही जीका वायरस के सभी मरीज सामने आए हैं। गुरुवार तक इनकी संख्या 32 थी जो शुक्रवार को बढ़कर 42 हो गई। बढ़े हुए दस मरीजों में से आठ शास्त्री नगर इलाके के हैं। बाकी दो सिंधी कैम्प क्षेत्र के हैं। इस बीमारी के मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद अब विभाग ने जयपुर सहित राज्य के अन्य जिलों में भी स्क्रीनिंग शुरू कर दी है।