
रंजन दवे, जोधपुर
अपने आप को राष्ट्रीय हिंदी न्यूज़ चैनल बताने वाले live24 न्यूज़ चैनल को लेकर एक बड़ा खुलासा सामने आया है। भारत सरकार के सूचना प्रसारण मंत्रालय से सूचना के अधिकार के तहत प्राप्त सूचना के आधार पर इस नाम का कोई चैनल विभाग से सम्बद्ध नहीं है।
आरटीआई के तहत जोधपुर में मांगी गई जानकारी में इसका खुलासा हुआ है। लाइव 24 न्यूज़ चैनल से जुड़े एक व्यक्ति ने जोधपुर से जुड़े एक पत्रकार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करवाया जो कि इस खुलासे से झूठा और फर्जी साबित हुआ है।
इसको लेकर चैनल की हकीकत के बारे में सूचना प्रसारण मंत्रालय से जानने की कोशिश की गई तो उसमें पूरा चैनल ही फर्जी साबित हुआ। मंत्रालय ने सूचना दी कि live24 नाम से कोई प्राइवेट सैटेलाइट टीवी चैनल स्वीकृत नहीं है।
क्या है पूरा मामला
विगत दिनों जोधपुर में लाइव 24 चैनल की ओर से अपने आप को पत्रकार बताने वाले ने जोधपुर में एक अन्य पत्रकार के विरुद्ध मामला दर्ज करवाया गया।
जिसमें चैनल मालिक की ओर से कानूनी कार्रवाई करने के लिए खुद को अधिकृत व्यक्ति बताया गया था। दर्ज हुए प्रकरण के अनुसार अन्य पत्रकार ने स्वयं को लाइव 24 का संवाददाता होना बताया था ।
जिसको गलत साबित करने के लिए मामला दर्ज किया गया, जबकि आरटीआई में पूरा चैनल ही फर्जी निकला। अब मामले में नया मोड़ आने के बाद पुलिस विभाग भी फर्जी चैनल के फर्जी पत्रकार के विरुद्ध मामला दर्ज करने का मानस बना रहा है।