
जयपुर। राजस्थान में पुलिसकर्मियों के मुख्यालय या थानों में केजुअल ड्रेस पहनकर पहुंचने को पुलिस अधिकारियों ने गंभीरता से लिया है। पुलिस मुख्यालय से आदेश जारी हुए हैं कि कोई भी पुलिसकर्मी और अधिकारी कार्यालय में टी-शर्ट, जींस, स्पोर्ट्स शूज या हवाई चप्पल पहनकर नहीं आएगा। यही नहीं कपड़ों का रंग भड़कीला भी नहीं होना चाहिए।
अधिकारियों ने माना कि इस प्रकार के कपड़े पहनकर कार्यालय में आना विभाग की गरिमा के अनुकूल नहीं है। इस संबंध में अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस प्रशासन, कानून-व्यवस्था एनआर के. रेड्डी ने आदेश जारी किए हैं। उन्होंने निर्देश में स्पष्ट लिखा है कि राजकीय कार्यालय की गरिमा के अनुरूप ही लोकसेवकों की वेशभूषा होनी अति-आवश्यक है। विभाग में ऐसा देखने में आया है कि कार्मिक एवं मंत्रालयिक कार्मिक कार्यालय में कर्मी टी-शर्ट, जींस, स्पोर्ट्स शूज और हवाई चप्पल पहनकर आते हैं, जो पुलिस की गरिमा के अनुकूल नहीं है।