
जयपुर। राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के धन्नासर सबसेंटर से राज्य पीसीपीएनडीटी सैल ने भ्रूण लिंग जांच के लिए 30 हजार रुपए लेने के आरोप में सब सेंटर की एएनएम सुजाता शर्मा एवं गाड़ी चालक भंवरदास को गिरफ्तार किया है।
खास बात यह है कि यह एएनएम सुजाता छोटे से सब सेंटर पर अकेले ही रिकॉर्ड डिलीवरी कराने के लिए राज्यस्तर पर सम्मानित हो चुकी है। वह यहां बुआ के नाम से जानी जाती है।
पीसीपीएनडीटी एवं मिशन निदेशक एनएचएम नवीन जैन ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि धन्नासर एएनएम सुजाता गर्भवती महिलाओं का भ्रूण का लिंग परीक्षण करवाती है।
एएनएम सुजाता ने गर्भवती महिला को अपने घर बुलाया था। वहां से वह उसे खुद की बोलेरो में बैठाकर हनुमानगढ़ स्थित बॉम्बे अस्पताल के लिए लेकर रवाना हुई।
गाड़ी को भंवरदास नामक ड्राइवर चला रहा थ। बॉम्बे अस्पताल में सामान्य सोनोग्राफी की फीस जमा कराकर सोनोग्राफी करवाई और सुजाता ने भ्रूण लिंग के बारे में जानकारी दी। इस दौरान टीम ने सुजाता व चालक भंवरदास को गिरफ्तार कर लिया।