
जयपुर। राजस्थान के पुष्कर में पुलिसकर्मी ने ही एक विदेशी लड़की से छेड़छाड़ कर दी। जर्मनी की इस युवती ने इस बारे में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि पुलिस ने करीब चार घंटे तक युवती को समझाइश देकर मामले को रफा-दफा करा लिया।
विदेशी युवती ने पुष्कर थाने में दी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि बुधवार रात वो अपने मित्र के साथ कपालेश्वर तिराहे से सावित्री मार्ग की और बाइक पर सवार होकर जा रही थी। उसी समय जीप में सवार पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक कर तलाशी देने को कहा। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी उसे अलग ले गया और तलाशी के नाम पर अश्लील हरकत करने लगा। युवती ने विरोध किया तो पुलिस वाले ने यह कहते हुए डपट दिया कि सही ढंग से जांच कराओ। युवती का आरोप है कि उसने पूरी बॉडी को बहुत ही गलत तरीके से टच किया।
पीड़िता मामले की जानकारी लेते हुए करीब चार घंटे तक पुलिस विदेशी से समझाइश करती रही, क्योंकि जिन पुलिसकर्मियों पर आरोप लगे हैं वो सभी इसी थाने में तैनात हैं। पुलिस इस मामले में कामयाब भी हो गई और युवती ने आखिर अपनी शिकायत वापस ले ली। पुलिस ने इसकी वीडियोग्राफी तक कराई है।