
जयपुर। देश को आईएएस अधिकारी देने के मामले में इस बार राजस्थान ने उत्तर प्रदेश और बिहार को पछाड़ दिया हैं। इस बार राजस्थान ने सर्वाधिक 28 सिविल सेवा अधिकारी दिए हैं, जबकि इस मामले हमेशा अव्व्ल रहने वाले उत्तर प्रदेष और बिहर इस बार दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।
शिक्षा की दृष्टि से राजस्थान को हालांकि पिछड़ा राज्य माना जाता है, लेकिन जहां इंजीनियरिंग और मेडिकल की कोचिंग के लिए यहां देशभर से छात्र आते है, वहीं अब सिविल सेवाओं के लिए भी यहां काफी अच्छी सुविधाएं उपलब्ध हो गई हैं और जयपुर, जोधपुर, कोटा, सीकर सहित कई स्थानों पर सिविल सेवाओं के लिए कोचिंग संस्थान खुल गए है। इस बार के सिविल सेवा परिणामों में राजस्थान के 28, उत्तर प्रदेश के 23 और बिहार के 21 अभ्यर्थी चुने गए है।
पिछले पांच वर्ष में चुने गए अभ्यर्थियों में हालांकि उत्तर प्रदेश ही आगे है और उत्तर प्रदेश से 118 अभ्यर्थी चुने गए है, लेकिन इस मामले में भी राजस्थान का प्रदर्शन अच्छा रहा है। पांच वर्ष में 97 अधिकारियों के चयन के साथ यह देश में दूसरे स्थान पर रहा है।
जानकारों का कहना है कि इसके पीछे एक बड़ा कारण यह भी है कि अब सिविल सेवा परीक्षा में अंग्रेजी का वर्चस्व खत्म हो गया है। हिन्दी को महत्व मिलने से चयन के पैटर्न में बदलाव आया है। इसके अलवा अब छात्र इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट के बजाए सरकारी नौकरी की तरफ वापस मुड़ रहे है और इसके लिए प्रयास कर रहे है।