
जयपुर। राजस्थान में मुख्यमंत्री कार्यालय और जनसंपर्क विभाग के अधिकारी-कर्मचारी ड्यूटी के दौरान जींस और टी-शर्ट नहीं पहन सकेंगे। उन्हें ड्यूटी के दौरान औपचारिक गहरे रंग की पेंट और हल्के रंग की शर्ट पहननी होगी।
राजस्थान सरकार ने जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए इस तरह के आदेश लिखित रूप में जारी कर दिया हैं। दरअसल, पिछले दिनों जापान साफ्ट बैंक के अध्यक्ष, मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से मिलने आए थे। उस दौरान मुख्यमंत्री कार्यालय के कई अधिकारी व कर्मचारी जींस और टी-शर्ट में नजर आए थे।
राजे ने बाद में इस पर आपत्ति की थी। यही कारण है कि अब मुख्यमंत्री कार्यायल में मौखिक रूप से अधिकारियों व कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान औपचारिक ड्रेस में आने को कहा गया है। वहीं, जनसंपर्क विभाग ने अपने अधिकारियों के लिए लिखित में यह आदेश जारी किए हैं। ड्रेस कोड के साथ ही व्यवहार भी शालीन और नम्र रखने को कहा गया है।