
हरि विश्वकर्मा, जबलपुर। देशभर के लोग रसोई गैस की सब्सिडी, कालाबाजारी की झंझट में उलझे हुए हैं। भोजन पकाने के लिए गांवों के आसपास के जंगलों में लकड़ियां भी नहीं बची हैं। लेकिन सीधी जिले के मझौली ब्लॉक के आदिवासी इन झंझटों से 'नो टेंशन' हैं।
वे अपने गांव में ही मौजूद कचरे (झाड़ियों की टहनियां) और गोबर से कोयला बना रहे हैं। ये आदिवासी भोजन पकाने के साथ ही कोयले को आसपास के कस्बों, शहरों में 8 रुपए प्रति किलो बेचकर पैसा भी कमा रहे हैं। ग्रामीणों को ईंधन के सबसे सस्ते संसाधन के लिए गैर सरकारी संस्था ' कोविनेन्ट सेंटर फॉर डेवलपमेंट' द्वारा प्रेरित किया जा रहा है।
कचरे के कोयले से फायदे
- इससे धुआं नहीं होता, यह पर्यावरण को बचाने में मददगार है।
- जंगलों से लक़डियां लाने की जरूरत नहीं। इससे जंगल भी बचेंगे।
- कोयले को बनाने के लिए गांवों और शहरों के आसपास संसाधन मौजूद हैं। मसलन, छोटे पेड़-पौधे, झाड़ियों की टहनियां और गोबर।
- ईंधन का यह सबसे सस्ता विकल्प है, जिसे गांवों में ही बनाया जा सकता है। गरीब तबके लोग इसे बेचकर अपनी आमदनी का जरिया बना सकते हैं।
ऐसे बनाते हैं कोयला
फोटो-1- लोहे के ड्रम में कचरे को भरने के बाद ढक्कन बंद करने के बाद आग लगा दी जाती है। फिर ढक्कन के आसपास मिट्टी लगाकर दरारों को बंद कर दिया जाता, ताकि ड्रम के अंदर आक्सीजन नहीं जाए।
फोटो- 2- इसके बाद ड्रम के ठंडा होने के बाद उसमें से अधजला कचरा निकालकर उसे बारीक कर लिया जाता है।
फोटो- 3- अधजले कचरे को गोबर के गाड़े घोल में मिक्स कर लिया जाता है।
फोटो-4- गोबर में मिक्स किए गए कोयले को हाथ से चलने वाली मशीन में डालने के बाद नालीदार कोयला बनाया जाता है।
हमने गांवों में ही मौजूद ईंधन के सबसे सस्ते विकल्प को खोजा है, ताकि ग्रामीण खुद यह कोयला बना सकें और इसे बेचकर अपनी आमदनी भी बढ़ा सकें। इसके लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया जा रहा है, ताकि जंगलों को बचाया जा सके और गांवों में ही सस्ता ईंधन उपलब्ध हो सके। - प्रदीप दुबे, प्रोग्राम डायरेक्टर, कोविनेन्ट सेंटर फॉर डेवलपमेंट (सीसीडी) नार्थ इंडिया
500 ग्राम कोयले में पांच लोगों का भोजन
- पांच सौ ग्राम कोयले में पांच लोगों का भोजन बनता है। एक ड्रम में ढाई घंटे में 75 किलोग्राम कोयला बनाया जाता है। एक दिन में करीब 1100 ग्राम कोयला लगता है।
-हाथ से चलने वाली मशीन से एक घंटे में साढ़े 12 किलोग्राम और बिजली की मशीन से 100 किलोग्राम कोयला बनता है।